ईशान किशन की इंजरी, संजू सैमसन के लिए वरदान, जानिए अफगानिस्तान के खिलाफ कैसे प्लेइंग 11 में बन रही जगह

नई दिल्ली: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20I सीरीज का आगाज 13 सितंबर से होने जा रहा है। इस सीरीज की मेजबानी आधिकारिक रूप से अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड कर रहा है, लेकिन सभी मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। सीरीज की शुरुआत से ठीक पहले भारतीय कैंप से चिंताजनक खबर सामने आई कि स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन दिल्ली में नेट प्रैक्टिस के दौरान पीठ में चोट लगा बैठे हैं। ईशान किशन का यह चोटिल होना जहां टीम इंडिया की रणनीतियों के लिए एक झटका माना जा रहा है, वहीं दूसरे विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन के लिए यह इंजरी किसी वरदान से कम साबित नहीं होती दिख रही है।

संजू सैमसन की होगी प्लेइंग 11 में डायरेक्ट एंट्री?

हाल ही में खेली गई पिछली T20I सीरीज में संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप कर दिया गया था और उनकी जगह 15 साल के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया गया था। उस समय ईशान किशन टीम में मुख्य विकेटकीपर-बल्लेबाज की भूमिका संभाल रहे थे। लेकिन अब ईशान के चोटिल होने के बाद समीकरण पूरी तरह से बदलते हुए नजर आ रहे हैं। ईशान की गैरमौजूदगी में संजू सैमसन ही स्क्वाड में एकमात्र स्पेशलिस्ट विकेटकीपर बचते हैं, ऐसे में अगर ईशान पहले मैच से बाहर बैठते हैं तो संजू का विकेटकीपर के तौर पर अंतिम एकादश में शामिल होना लगभग तय माना जा रहा है।


वैभव सूर्यवंशी के साथ ऐसा बनेगा टीम कॉम्बिनेशन

अगर भारतीय टीम मैनेजमेंट वैभव सूर्यवंशी को ओपनिंग में लगातार मौके देने के अपने प्लान पर कायम रहता है, तो ईशान किशन की जगह मध्यक्रम में संजू सैमसन को आसानी से फिट किया जा सकता है। संजू के पास मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन बनाने और पारी को संभालने का काफी अनुभव है, जो भारतीय बैटिंग लाइन-अप को मजबूती देगा। दिल्ली में हुए हालिया अभ्यास सत्र के दौरान संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी को एक साथ नेट्स में लंबी बल्लेबाजी करते हुए भी देखा गया है, जिससे इस नए टीम कॉम्बिनेशन के संकेत साफ मिलते हैं।


ईशान किशन की फिटनेस तय करेगी संजू का भविष्य

हालांकि संजू सैमसन का प्लेइंग 11 में शामिल होना पूरी तरह से ईशान किशन की मेडिकल रिकवरी पर निर्भर करेगा। शुक्रवार को दिल्ली में नवदीप सैनी की बाउंसर पर डक करते वक्त ईशान की पीठ में खिंचाव आ गया था और शुरुआती इलाज के बाद वे खुद चलकर बाहर गए थे। अगर ईशान मैच तक पूरी तरह फिट हो जाते हैं, तो संजू सैमसन को एक बार फिर डगआउट में बैठकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ेगा। वहीं अगर ईशान अनफिट रहते हैं, तो यह इंजरी संजू सैमसन के लिए अपनी खोई हुई जगह वापस पाने और अफगानिस्तान के खिलाफ खुद को साबित करने का सबसे सुनहरा मौका साबित होगी।

Spread the love