दुबई: श्रीलंका ने महिला एशिया कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल जीत लिया है। पाकिस्तान के खिलाफ श्रीलंका को 4 विकेट से जीत मिली। बांग्लादेश को हराकर भारतीय महिला टीम पहले ही खिताबी मुकाबले में जगह पक्की कर चुकी है। महिला एशिया कप 2026 का फाइनल भारत और श्रीलंका के बीच 13 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारत का श्रीलंका का खिलाफ दमदार रिकॉर्ड
भारत और श्रीलंका के बीच 2009 से महिला टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जा रहे हैं। इसमें भारतीय महिला टीम ने 25 जीत हासिल की है। वहीं श्रीलंका को सिर्फ 5 ही जीत मिली है। एक मैच का नतीजा नहीं निकला। आखिरी 10 मैचों की बात करें तो भारत ने 9 जीते हैं जबकि श्रीलंका को सिर्फ एक जीत मिली है। लेकिन यह एक टीम टीम इंडिया को काफी जख्म दे गई थी।
महिला एशिया कप का ही फाइनल हारा था भारत
श्रीलंका ने 2024 में खेले गए महिला एशिया फाइनल में भारत को हराया था। दांबुला में भारत पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट पर 165 रन बनाए थे। श्रीलंका की टीम ने 8 गेंद रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया था। कप्तान चमारी अटापट्टू के बल्ले से 43 गेंदों पर 61 रन निकले थे तो हर्षिता समरविक्रमा ने 69 रन ठोके थे। वहीं कविशा दिलहरी ने सिर्फ 16 गेंदों पर 30 रनों की पारी खेली थी। 2025 के अंत में श्रीलंका ने 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारत का दौरा किया था। हरमनप्रीत कौर की टीम ने उस सीरीज को 5-0 से क्लीन स्वीप कर लिया था।
दोनों ही टीमें टूर्नामेंट में अभी तक अजेय
महिला एशिया कप 2026 में भारत और श्रीलंका दोनों ने अपने सभी मैच जीते हैं। भारत ने ग्रुप राउंड में तीनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की थी। श्रीलंका ने भी ग्रुप बी को तीन जीत के साथ टॉप किया था। यही वजह है कि दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।