183 गोल्ड समेत कुल 778 मेडल, एशियन गेम्स में कैसा रहा है भारत का सफर, किस खेल में सबसे सफल?

नई दिल्ली: एशियन गेम्स की शुरुआत 1951 में भारत की मेजबानी में हुई थी। गेम्स का 20वां संस्करण 2026 जापान के आईची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक खेला जाना है। भारतीय टीम जापान में दमदार प्रदर्शन के लिए तैयार है। 1951 में आयोजित एशियन गेम्स में 11 देशों ने हिस्सा लिया था। अब ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) के सभी 45 सदस्य देश नियमित तौर पर एशियन गेम्स में हिस्सा लेते हैं। कुछ विशेष आमंत्रित टीमें भी होती हैं।

भारत कुछ उन चुनिंदा देशों में शामिल है जो एशियन गेम्स के हर संस्करण का हिस्सा रहा है। भारतीय एथलीटों ने एशियन गेम्स में अपने दमदार प्रदर्शन से देश का नाम रोशन किया है और पूरी दुनिया में अपनी क्षमता का लोहा मनवाया है। भारत ने 1951 में आयोजित पहले एशियन गेम्स में 15 गोल्ड, 16 सिल्वर और 20 ब्रॉन्ज सहित 51 मेडल जीते थे। वहीं, हांगझोऊ में आयोजित आखिरी एशियन गेम्स में भारतीय दल ने 28 गोल्ड, 38 सिल्वर और 40 ब्रॉन्ज सहित कुल 106 मेडल जीते थे और चौथी सफल टीम रही थी। हांगझोऊ एशियन गेम्स भारत के लिए अब तक सबसे सफल संस्करण रहा है।


एथलेटिक्स में भारत के सबसे ज्यादा मेडल

एशियन गेम्स के इतिहास में भारत सर्वाधिक मेडल जीतने वाले देशों की सूची में पांचवें स्थान पर है। भारत ने पिछले 19 संस्करणों में 183 गोल्ड, 238 सिल्वर और 357 ब्रॉन्ज सहित कुल 778 मेडल जीते हैं। भारत को एशियन गेम्स में सबसे ज्यादा मेडल एथलेटिक्स में मिले हैं। एथलेटिक्स में 85 गोल्ड, 102 सिल्वर और 96 ब्रॉन्ज सहित भारत ने कुल 283 मेडल जीते हैं। इसके अलावा, भारत को निशानेबाजी में 80, कुश्ती में 65, और मुक्केबाजी में 61 मेडल मिले हैं।

सर्वाधिक मेडल जीतने वाले देशों में पहले स्थान पर चीन, दूसरे स्थान पर जापान, तीसरे स्थान पर दक्षिण कोरिया और चौथे स्थान पर ईरान है। चीन ने 1,674 गोल्ड, 1,105 सिल्वर और 791 ब्रॉन्ज सहित 3,570 मेडल जीते हैं। जापान ने 1,084 गोल्ड, 1,104 सिल्वर और 1,054 ब्रॉन्ज मेडल सहित कुल 3,242 मेडल, दक्षिण कोरिया ने 787 गोल्ड, 722 सिल्वर और 916 ब्रॉन्ज सहित कुल 2,425 मेडल और ईरान ने 192 गोल्ड, 202 सिल्वर और 217 ब्रॉन्ज मेडल सहित कुल 611 मेडल जीते हैं। ईरान के गोल्ड मेडलों की संख्या ज्यादा है। इसी वजह से कुल मेडल कम होते हुए भी वो मेडल तालिका में भारत से ऊपर है।


एशियन गेम्स के इतिहास में भारत की सबसे सफल एथलीट पीटी उषा रही हैं। पीटी उषा ने 4 गोल्ड और 7 सिल्वर सहित कुल 11 मेडल जीते हैं। भारत के पास एशियन गेम्स 2026 में ईरान गोल्ड मेडल जीतने के मामले में पीछे छोड़ते हुए मेडल तालिका में चौथा स्थान हासिल करने का मौका है। भारतीय दल हांगझोऊ एशियन गेम्स के सर्वाधिक 106 मेडलों के रिकॉर्ड को भी बेहतर करने की कोशिश करेगा।
Spread the love