8वें दिन कालीन भैया को झटका, ‘हनुमान अंश’ ने बुरी तरह पटका, Toxic को सूंघा सांप

भारतीय बॉक्‍स ऑफिस पर ‘मिर्जापुर द मूवी’ को रिलीज के बाद पहली बार तगड़ा झटका लगा है। पहले हफ्ते में जहां सातों दिन यह फिल्‍म लगातार ‘हनुमान अंश’ से अध‍िक कमाई कर रही थी, वहीं दूसरे शुक्रवार को नीम करोली बाबा पर बनी भक्‍त‍ि-ड्रामा ने इसे पटखनी दी है। ‘हनुमान अंश’ ने चौंकाते हुए ‘मिर्जापुर द मूवी’ से ₹1 करोड़ अध‍िक का नेट बिजनस किया है। हालांकि, पंकज त्र‍िपाठी, अली फजल और दिव्‍येंदु की यह गैंगस्‍टर-थ्र‍िलर अभी भी बहुत अच्‍छी स्‍थ‍िति में है। खासकर, ‘हैवान’ की फ्लॉप ओपनिंग का सीधा फायदा अब वीकेंड में ‘मिर्जापुर द मूवी’ को मिलने वाला है। इस बीच, यश की ‘टॉक्‍स‍िक’ की सिट्टी-पिट्टी गुम हो चुकी है।

शुक्रवार, 11 सितंबर को रिलीज हुई अक्षय कुमार और सैफ अली खान की ‘हैवान’ पहले ही दिन पस्‍त हो गई है। प्रियदर्शन के डायरेक्‍शन में बनी इस फिल्‍म ने महज ₹3.00 करोड़ की नेट कमाई की है। जबकि ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के 36वें दिन धमाकेदार ₹10.50 करोड़ का नेट कलेक्‍शन किया है। इस तरह ‘हनुमान अंश’ ने जहां देश में ₹173.63 करोड़ की नेट कमाई कर ली है, वहीं ग्रॉस कमाई ₹205.15 करोड़ तक पहुंच गई है।


‘मिर्जापुर द मूवी’ बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन

Sacnilk के मुताबिक, पहले हफ्ते में शानदार ₹148.45 करोड़ का नेट बिजनस करने वाली ‘मिर्जापुर द मूवी‘ ने शुक्रवार को 8वें दिन 6763 शोज से ₹9.50 करोड़ कमाए हैं। गुरमीत सिंह के डायरेक्‍शन में बनी इस फिल्‍म का भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹188.19 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन ₹157.95 करोड़ हो गया है। हालांकि, यह अभी भी अपने ₹250 करोड़ के बजट से ₹93 करोड़ दूर है।

‘मिर्जापुर द मूवी’ वर्ल्‍डवाइड कलेक्‍शन

OTT पर तीन धमाकेदार सीजन के बाद बड़े पर्दे पर आई ‘मिर्जापुर द मूवी’ का विदेशों में भी अच्‍छा-खासा रुतबा बना हुआ है। फिल्म ने 8वें दिन ओवरसीज मार्केट में ₹2.50 करोड़ की ग्रॉस कमाई की है। इससे आठ दिनों में कुल विदेशी ग्रॉस कलेक्शन ₹38.00 करोड़ हो गया। जबकि देश और दुनिया मिला दें तो ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने वर्ल्‍डवाइड ₹226.19 करोड़ का ग्रॉस कलेक्‍शन कर लिया है।


‘हैवान’ फ्लॉप, वीकेंड में ‘मिर्जापुर मूवी’ को फायदा

‘मिर्जापुद द मूवी’ की कमाई में अब वीकेंड में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। शुक्रवार को कमाई गिरी जरूर है, लेकिन बावजूद इसके सिनेमाघरों में फिल्‍म के शोज में 29.0% की ऑक्‍यूपेंसी दर्ज की गई है। यह वीकडेज के लिहाज से बहुत अच्‍छी मानी जा सकती है। जिस तरह से ‘हैवान‘ बॉक्‍स ऑफिस पर पिटी है, वीकेंड में दर्शकों का रुझान एक बार फिर कालीन भैया, गुड्डू भैया और मुन्‍ना भैया के भौकाल की ओर रहने वाला है।


‘टॉक्सिक’ बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन

दूसरी ओर, यश की ‘टॉक्‍स‍िक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्‍स’ अब अपना बोरिया बिस्‍तर समेटने की मुद्रा में आ गई है। रिलीज के 17वें दिन गीतू मोहनदास के डायरेक्‍शन में बनी ‘टॉक्सिक’ ने 274 शोज और पांच भाषाओं में महज ₹26 लाख की नेट कमाई की है। इससे भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹296.60 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन ₹248.50 करोड़ तक पहुंचा है। जबकि विदेशों में अब तक हुई ₹43.50 करोड़ की ग्रॉस कमाई को जोड़ दें तो ‘टॉक्‍स‍िक’ ने वर्ल्‍डवाइड ₹340.10 करोड़ का ग्रॉस कलेक्‍शन किया है।

Spread the love