अमीषा पटेल की मां के घर में चोरी, डायमंड जड़े सोने के कंगन चुराने के आरोप, नौकरानी गिरफ्तार

बॉलीवुड एक्ट्रेस और फैंस की ‘सकीना’ अमीषा पटेल के माता-पिता के घर में चोरी हुई है। पुलिस के मुताबिक, एक्‍ट्रेस के चर्चगेट वाले घर से लगभग 5 लाख रुपये की सोने और हीरे की ज्वेलरी गायब हो गई है। इस कथित चोरी के मामले में अमीषा पटेल की मां ने श‍िकायत दर्ज करवाई थी, जिसके बाद घर की नौकरानी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को अदालत ने 15 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा है।

मरीन ड्राइव पुलिस ने बताया है कि पालघर की रहने वाली 40 वर्षीय सीमा घाटे बीते करीब डेढ़ साल से अमीषा पटेल की मां के घर काम कर रही थीं। इस मामले में शामिल होने के शक के आधार पर उसे पहले हिरासत में लिया गया था। पूछताछ के बाद उसकी गिरफ्तारी हुई और कोर्ट में पेशी की गई।


जनवरी में ही गायब हुए थे कंगन, मेड से लौटाने को कह रही थीं आशा पटेल

पुलिस ने बताया कि सीमा घाटे एक साल से अध‍िक समय से अमीषा पटेल की मां आशा पटेल के घर पर मेड का काम करती थी। यह कथित चोरी तब सामने आई, जब आशा पटेल ने मरीन ड्राइव पुलिस से संपर्क किया और बताया कि घर से सोने का कंगन गायब हो गया है। चोरी की यह घटना जनवरी 2026 में हुई थी। खबर है कि आशा को अपनी मेड सीमा घाटे पर शक था। उन्‍होंने बीते पांच-छह महीनों तक उससे चोरी कबूल करने और गायब ज्वेलरी वापस करने को कहा। हालांकि, जब कंगन वापस नहीं की गई तो आशा ने पुलिस से संपर्क किया और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।


विरार इलाके से गिरफ्तार हुई नौकरानी सीमा घाटे

शुरुआत में पुलिस ने यह मामला एक अज्ञात महिला के खिलाफ दर्ज किया गया था। लेकिन बाद में सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर के निर्देशन में काम कर रही क्राइम डिटेक्शन टीम ने संदिग्ध का पता विरार में लगाया। इसके बाद सीमा घाटे को ग‍िरफ्तार किया और कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 15 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया। पुलिस अभी गायब ज्वेलरी बरामद करने की कोशिश कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। कथित तौर पर चोरी हुई सोने के कंगन अभी तक बरामद नहीं हुए हैं।


अमीषा पटेल का बॉलीवुड करियर

बॉलीवुड एक्‍ट्रेस अमीषा पटेल ने साल 2000 में ऋतिक रोशन के साथ रोमांटिक थ्रिलर फिल्म ‘कहो ना… प्यार है’ से एक्टिंग डेब्‍यू किया था। इस फिल्‍म ने उन्‍हें रातों-रात स्‍टार बना दिया। जबकि इसके बाद उन्होंने कई हिट-सुपरहिट फिल्मों में काम किया। इनमें ‘गदर: एक प्रेम कथा’, ‘हमराज़’, ‘हनीमून ट्रैवल्स प्राइवेट लिमिटेड’, ‘भूल भुलैया’ और ‘रेस 2’ शामिल हैं। अमीषा पटेल ने तीन साल पहले 2023 में ‘गदर 2’ से पर्दे पर कमबैक किया।

Spread the love