छत्तीसगढ़ में आज कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। अगले 2 दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की एक्टिविटी बढ़ी रहेगी।
इस बीच जांजगीर-चांपा में हसदेव नदी में बहे 3 कॉलेज छात्रों में से एक का शव 18 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। नगर सैनिकों और गोताखोरों की टीम ने पवन लाल का शव नदी से बाहर निकाला। दो छात्र सचिन और मुरारी अब भी लापता हैं। सुबह से दोनों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के 8 छात्र-छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे। नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया। उसे बचाने के लिए नदी में कूदे 2 अन्य छात्र भी तेज बहाव में बह गए।
इसके पहले पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। बेलरगांव में सबसे ज्यादा 120 मिमी और नगरी में 110 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के कारण कई जगह नदी-नाले उफान पर हैं।
धमतरी में मुरुमसिल्ली बांध के सभी सायफन गेट खोल दिए गए हैं। कई जगह सड़कों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी हुई। धमतरी-नरहरपुर मार्ग पर भी पानी भरने से लोग फंसे रहे।
मुरुमसिल्ली बांध के सभी सायफन गेट ओपन
धमतरी जिले में गुरुवार को हुई झमाझम बारिश से नदी नाले उफान पर है। वहीं मुरुमसिल्ली बांध के सभी सायफन गेट खोल दिए गए हैं। जिससे धमतरी-नरहरपुर मार्ग बाधित हो गया है। सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लाइन लग गई।
मध्य छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिन ज्यादा बारिश
इन सिस्टम के असर से मध्य छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिनों तक भारी बारिश के आसार हैं। खासकर मध्य क्षेत्र के जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति भी बन सकती है।
अगले 24 घंटे में प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश और गरज चमक के साथ बिजली गिरने का अलर्ट है। इसके बाद अगले 2 दिनों में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर गरज-चमक होने की संभावना है।