सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने बुधवार को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) के पुनर्गठन की घोषणा की। 18 सदस्यों वाले इस बोर्ड में फिल्म और मनोरंजन जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हैं। नए पैनल में प्रीति जिंटा, सुनील शेट्टी, रूपाली गांगुली, पल्लवी जोशी, पंकज त्रिपाठी और प्रोसेनजीत चटर्जी जैसे कलाकार शामिल हैं।
सिनेमैटोग्राफ एक्ट के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए इस बोर्ड का पुनर्गठन तीन साल या अगले आदेश तक के लिए किया गया है। यह कदम काफी समय बाद उठाया गया है। CBFC के पिछले बोर्ड का औपचारिक पुनर्गठन अगस्त 2017 में हुआ था। बोर्ड ने इस महीने की शुरुआत में छह साल में अपनी पहली बैठक भी की थी, जिसमें सदस्यों ने फिल्म सर्टिफिकेशन और रिविजिंग कमेटियों के कामकाज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की थी।
CBFC के अन्य सदस्यों में ये नाम
हाल ही में बने CBFC के अन्य सदस्यों में विनोद अनुपम, मनोज जोशी, अभिषेक जैन, रिकी केज, प्रियदर्शन, हंसराज हंस, सुप्रिया यारलागड्डा, यतींद्र मिश्र, नीला माधव पांडा, निशिगंधा वाड, वामन केंद्रे और रमेश पतंगे शामिल हैं।
शशि शेखर वेम्पति की देखरेख में होगा काम
यह नया बोर्ड चेयरपर्सन शशि शेखर वेम्पति की देखरेख में काम करेगा, जो सूचना और प्रसारण मंत्रालय के तहत आने वाली फिल्म सर्टिफिकेशन संस्था के प्रमुख हैं। CBFC भारत में सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए फिल्मों को सर्टिफाई करने के लिए जिम्मेदार है, जो सिनेमैटोग्राफ एक्ट के तहत आता है।
‘मिर्जापुर द मूवी’ के गाने ‘शूरवीर’ पर सेंसर बोर्ड
इस बीच, CBFC ने ‘मिर्जापुर – द मूवी’ के गाने ‘शूरवीर’ को लेकर जताई गई चिंताओं पर भी बात की। एक अलग पोस्ट में बोर्ड ने कहा, पिछले कुछ दिनों में फ़िल्म ‘मिर्ज़ापुर – द मूवी’ के गाने ‘शूरवीर’ को लेकर कई चिंताएं सामने आईं। एक्सेल एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने CBFC को जानकारी दी है कि वे जरूरी औपचारिकताओं के पूरा होने तक, संबंधित सीन से ‘शूरवीर’ गाने को अपनी मर्जी से हटा देंगे।