अमेरिकी सेना का F-16 फाइटर जेट क्रैश, हादसे के बाद फैला खतरनाक केमिकल, घटनास्थल से लोगों को हटाया गया

वॉशिंगटन: अमेरिका का F-16 फाइटर जेट क्रैश हुआ है। गुरुवार को मिशिगन के ग्रामीण इलाके में F-16 हादसे का शिकार हुआ है। हालांकि पायलट समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा लेकिन जेट के मलबे से खतरनाक केमिकल फैलने के बाद आसमान में धुएं के गुबार छा गए। इससे आसपास के लोगों को पैदा होने वाले खतरे को देखते हुए कुछ समय के लिए इलाके को खाली करना पड़ा।

टेक्सास के जॉइंट बेस सैन एंटोनियो-लैकलैंड में फाइटर विंग के पब्लिक अफेयर्स स्पेशलिस्ट सार्जेंट डेरेक गुटिएरेज ने बताया कि पायलट का इलाज एक स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। गुटिएरेज ने मिलिट्री पॉलिसी का हवाला देते हुए पायलट की पहचान या चोटों के बारे में जानकारी देने से इनकार कर दिया।उन्होंने बताया कि अस्पताल में पायलट होश में था और अधिकारियों से बात कर रहा था।

ट्रेनिंग के दौरान हादसा

यह विमान डेट्रॉइट से 190 मील (305 किलोमीटर) उत्तर में अल्पेना स्थित नेशनल गार्ड बेस पर ट्रेनिंग एक्सरसाइज में हिस्सा ले रहा था। इसी दौरान ये हादसे का शिकार होकर जमीन पर गिरा और इसमें आग लग गई। एक दूसरे पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स को बताया कि उसे लगता है कि उसके विंगमैन (साथी पायलट) का विमान किसी पक्षी से टकराने के बाद क्रैश हो गया।

पायलट ने रिपोर्ट किया, शायद मेडे (आपातकालीन स्थिति) है। मुझे लगता है कि मेरे विंगमैन का विमान किसी पक्षी से टकरा गया है। कंट्रोलर ने उसे फ्रैंकफर्ट या ट्रैवर्स सिटी के पास के एयरपोर्ट पर जाने का सुझाव दिया लेकिन पायलट ने बताया कि उसका विंगमैन पहले ही क्रैश हो चुका था। गुटिएरेज ने कहा कि उन्होंने पक्षी से टकराने की किसी संभावना के बारे में कुछ नहीं सुना है और क्रैश की जांच चल रही है।

चश्मदीद ने क्या देखा

नाथन स्मिथ क्रैश वाली जगह से एक मील दूर एक कंस्ट्रक्शन साइट पर काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने वहां से गुजर रहे फाइटर जेट का वीडियो बनाना शुरू किया क्योंकि उन्हें उसके उड़ने का तरीका अजीब लगा। इतनी कम ऊंचाई और धीमी गति से जेट को उड़ते देखना अजीब था। वीडियो बंद होने के कुछ सेकंड बाद एक जोरदार धमाका सुना।

वेंडी सोबेक ने बताया कि उन्होंने और उनके पति ने अपने ग्रामीण घर से कुछ ही मिनट की दूरी पर सड़क पर बहुत जोरदार क्रैश की आवाज सुनी। सोबेक ने कहा कि हमें लगा कि हमारे घर के बाहर कार का एक्सीडेंट हुआ है। हमने काले धुएं के बड़े गुबार देखे। हमें समझ नहीं आ रहा था कि क्या हुआ है, इसलिए मेरे पति अपनी पिकअप ट्रक में बैठकर यह देखने गए कि क्या हुआ है।

अमेरिकी सेना ने 1979 में पहली बार F-16 उड़ाना शुरू किया था। एयर फोर्स सेफ्टी सेंटर के अनुसार, 2000 के बाद से F-16 से जुड़े कम से कम 14 क्लास A हादसे हुए हैं। क्लास A हादसे का दर्जा आम तौर पर तब दिया जाता है जब नुकसान 2 मिलियन डॉलर से ज्यादा हो, कोई विमान पूरी तरह नष्ट हो जाए या किसी सर्विस मेंबर की मौत हो जाए।

Spread the love