तारिक रहमान के ब्रिक्स में ना आने पर काटी बांग्लादेश की बिजली? अडानी के गोड्डा प्लांट बंद होने पर भड़की BNP

ढाका: झारखंड में अडानी पावर के थर्मल प्लांट में शटडाउन को बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने तारिक रहमान के ब्रिक्स समिट के लिए दिल्ली ना आने से जोड़ा है। यह प्लांट बांग्लादेश को बिजली सप्लाई करता है, जो खराबी आने की वजह से बंद हो गया था। इससे बीते हफ्ते तीन दिन तक बांग्लादेश में बिजली का संकट रहा। इस पर तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी ने ना सिर्फ नाराजगी जताई है बल्कि इसे रहमान के ब्रिक्स में ना आने से जोड़कर भारत पर ‘साजिश’ जैसा आरोप लगा दिया है।

सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के सीनियर नेता रूहल कबीर रिजवी ने कहा है कि झारखंड में अडानी पावर की गोड्डा यूनिट का बंद होना पिछले वीकेंड नई दिल्ली में हुए ब्रिक्स समिट में प्रधानमंत्री तारिक रहमान के शामिल ना होने से जुड़ा है। भारत की मेजबानी में दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को ब्रिक्स समिट हुई है। जिसमें दावत के बावजूद तारिक रहमान शामिल नहीं हुए।

BNP नेता का आरोप

झारखंड में अडानी पावर की दो यूनिट में से एक के बंद होने पर हुए एक सवार पर BNP के कार्यवाहक महासचिव कबीर रिजवी ने कहा कि ऐसा रहमान के ब्रिक्स समिट में शामिल ना होने के कारण हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने रहमान को बांग्लादेश की प्रधानमंत्री के तौर पर नहीं, बल्कि किसी और भूमिका में आमंत्रित किया था।

रिजवी ने कहा, ‘तारिक रहमान एक संप्रभु देश के प्रधानमंत्री हैं। तो क्या आप (दिल्ली) उन्हें प्रधानमंत्री के तौर पर नहीं बुलाएंगे? ऐसा नहीं हो सकता। वह नहीं गए और ऐसा कर देश की गरिमा को बनाए रखा। तारिक के ना जाने के फैसले के अगले ही दिन प्लांट बंद कर दिया गया। इसके पीछे क्या वजह हम आसानी से समझते हैं कि ये क्यों हुआ।’

क्या है प्लांट बंद होने का मामला

झारखंड के प्लांट 800 MW की यूनिट-2 गुरुवार आधी रात (10 सितंबर) बॉयलर में खराबी आने के बाद बंद हो गई। इससे बांग्लादेश को 84 घंटों तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा और कई शहरों में अंधेरा छा गया। यूनिट को 13 सितंबर दोपहर बांग्लादेश के नेशनल ग्रिड से सिंक्रोनाइज कर बिजली सप्लाई शुरू की गई।

अडानी पावर की 1,600 MW की दो यूनिट (2×800 MW) झारखंड के गोड्डा जिले में स्थित हैं। कंपनी के अनुसार, अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट पहला ऐसा थर्मल पावर प्लांट है, जो अपनी पूरी बिजली सप्लाई 130 km लंबी, 400 kV क्रॉस-कंट्री डबल-सर्किट ट्रांसमिशन लाइन के जरिए बांग्लादेश को एक्सपोर्ट करता है।

Spread the love