आइची-नागोया: एशियन गेम्स 2026 में सुचिका तारियाल ने भारत के लिए कांस्य पदक जीता है। वह इस खेल में भारत को एशियन गेम्स पदक दिलाने वाली पहली खिलाड़ी हैं। सिंगापुर की खिलाड़ी के खिलाफ सेमीफाइन में उन्हें विवादित फैसले में हार का सामना करना पड़ा और उनका गोल्ड जीतने का सपना टूट गया। सुचिका की हार का कारण उनका वजन रहा, जो मैच से ठीक पहले सिंगापुर की खिलाड़ी से थोड़ा ज्यादा था। इस फैसले ने विनेश फोगाट के साथ हुई घटना की याद दिला दी। विनेश भी गोल्ड मेडल जीतने से चूक गई थीं।
सुचिका के साथ क्या हुआ?
सुचिका का सेमीफाइनल मैच सिंगापुर की खिलाड़ी तेओ हुई हून के साथ था। महिलाओं की पारंपरिक 60 किग्रा स्पर्धा में दोनों खिलाड़ियों का मैच ड्रॉ रहा। ऐसे में भारतीय टीम ने फैसले को चुनौती दी। भारत ने तीन जज को चुना, जिन्होंने अलग कमरे में मैच देखा और जब फैसला आया तब भी मुकाबला बराबरी पर रहा। ऐसे में सिंगापुर की टीम ने दोनों खिलाड़ियों के वजन के आधार पर विजेता का फैसला करने का विकल्प चुना। जब दोनों खिलाड़ियों का वजन देखा गया तो मैच से पहले सुचिका का वजह सिंगापुर की खिलाड़ी की तुलना में 700 ग्राम ज्यादा था। इसी वजह से कम वजन के आधार पर सिंगापुर की खिलाड़ी चैंपियन बनी और फाइनल में जगह बनाई।
विनेश फोगाट के साथ क्या हुआ था?
साल 2024 में पेरिस ओलंपिक के दौरान भारतीय पहलवान विनेश फोगाट भी वजन ज्यादा होने के कारण डिस्क्वालीफाई हो गई थीं। उन्होंने इससे पहले लगातार शानदार खेल दिखाया था और उनका गोल्ड मेडल जीतना तय माना जा रहा है। वह 50 किलोग्राम भारवर्ग में थीं। हालांकि, फाइनल से पहले उनका वजन बढ़ गया था। इसे कम करने के लिए उन्होंने हर संभव कोशिश की, लेकिन मैच से पहले उनका वजन 50 किलोग्राम से 100 ग्राम ज्यादा पाया गया था। इस वजह से वह फाइनल नहीं खेल पाई थीं और गोल्ड मेडल से चूक गई थीं।
खराब व्यवस्था के कारण परेशानी
जापान में खिलाड़ियों को खराब व्यवस्था के कारण परेशानी हो रही है। खिलाड़ियों को क्रूज में ठहराया गया है। यहां वजन पता करने के लिए खिलाड़ियों के पास सुविधाएं नहीं हैं और उन्हें अन्य तरह की परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।