नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमत में आज भारी गिरावट आई है। इसकी वजह यह है कि अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने तीन साल के लंबे अंतराल के बाद ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर दी है। साथ ही आने वाले महीनों में उधार लेने की लागत और बढ़ने का संकेत दिया। इससे डॉलर मजबूत हुआ और बिना ब्याज या डिविडेंड देने वाली कीमती धातुओं (बुलियन) पर बुरा असर पड़ा। एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार में सोने की कीमत में करीब 2,000 रुपये की गिरावट आई जबकि चांदी 4,500 रुपये लुढ़क गई।
एमसीएक्स पर 5 अक्तूबर की डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,52,470 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था जबकि आज यह 1,50,513 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह करीब 2,000 रुपये की गिरावट के साथ 1,50,483 रुपये तक लुढ़का। सुबह 11 बजे यह 1653 रुपये की गिरावट के साथ 1,50,817 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
चांदी का हाल
इसी तरह 4 दिसंबर की डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,34,786 रुपये किलो के भाव पर बंद हुई थी और आज यह 2,32,301 रुपये पर खुली। एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार में यह 4,500 रुपये की गिरावट के साथ 2,30,221 तक फिसली। सुबह 11.15 बजे यह 2,586 रुपये की गिरावट के साथ 2,32,200 रुपये पर ट्रेड कर रही थी।
फिजिकल मार्केट में कीमत
फिजिकल मार्केट में भी सोने की कीमत में गिरावट आई है। गुड रिटर्न्स के मुताबिक 24 कैरेट वाला सोना 600 रुपये की गिरावट के साथ 1,52,840 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। इसी तरह 22 कैरेट वाला सोना भी 550 रुपये नीचे 1,40,100 रुपये पर आ गया। 18 कैरेट सोने की कीमत 450 रुपये नीचे 1,14,630 रुपये पर आ गई। चांदी 2,45,000 रुपये पर फ्लैट ट्रेड कर रही है।
दिल्ली में सोने की कीमत
राजधानी दिल्ली में सोने की कीमतों में बुधवार को तीन सत्रों की गिरावट के बाद सुधार आया। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बाद कारोबारी धारणा में सुधार होने से कारोबारियों की सटोरिया लिवाली से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने का दाम 1,200 रुपया बढ़कर 1.55 लाख रुपया प्रति 10 ग्राम हो गया। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना मंगलवार को 1,54,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था।
चांदी के दाम में भी दो लगातार सत्र तक स्थिर रहने के बाद उछाल आया। यह पिछले बंद स्तर 2,34,600 रुपये प्रति किलोग्राम के मुकाबले 7,000 रुपये बढ़कर 2.42 लाख रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्पॉट गोल्ड 1.2% गिरकर $4,240.1 प्रति औंस पर आ गया।