रायगढ़, छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का खेल लगातार जारी है। इसे देखते हुए पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश शुरू किया है और लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में आईपीएल मैच के दौरान सट्टा खिलाते हुए युवक को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से मोबाइल और नकदी भी जब्त की गई है।
मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है। दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि दिल्ली और बेंगलुरु के बीच चल रहे आईपीएल मुकाबले में युवक घूम-घूमकर मोबाइल के जरिए ऑनलाइन और ऑफलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और ट्रांसपोर्ट नगर जूटमिल निवासी अनुराग यादव (26) को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से सट्टा पर्ची, नथिंग कंपनी का मोबाइल और 900 रुपए नकद मिले।
मोबाइल की जांच और पूछताछ में विन एक्स 66 डॉट कॉम आईडी के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन के सबूत सामने आए। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
3 दिन में 5 कार्रवाई
इससे पहले घरघोड़ा थाना क्षेत्र में साइबर टीम ने दो अलग-अलग मामलों में चार लोगों को गिरफ्तार किया था।वहीं कोतवाली थाना क्षेत्र में कोष्टापारा और गद्दी चौक पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए दो युवकों को पकड़ा गया था।
पिछले तीन दिनों में पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ यह पांचवी कार्रवाई की है।
लगातार कार्रवाई जारी रहेगी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन अंकुश के तहत ऑनलाइन और ऑफलाइन जुए-सट्टे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। क्रिकेट सट्टे पर रायगढ़ पुलिस की सख्त नजर बनी हुई है और ऐसी गतिविधियों पर लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने एक बार फिर क्रिकेट सट्टा संचालित करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।