नीति आयोग के बाद अब मणिपुर की नीतियों पर काम करेंगे राजस्थान कैडर के IAS राजीव सिंह ठाकुर, बनेंगे मुख्य सचिव

जयपुर: राजस्थान कैडर के एक सीनियर आईएएस को केंद्र सरकार बड़ी जिम्मेदारी देने वाली है। पिछले करीब दस साल से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहे आईएएस राजीव सिंह ठाकुर को मणिपुर का मुख्य सचिव बनाए जाने की तैयारी की जा रही है। इंटर कैडर डेपुटेशन के प्रस्ताव को सेंट्रल कमेटी ने मंजूरी दे दी है। अब केंद्र सरकार के कार्मिक विभाग के ऑर्डर का इंतजार है। ऑर्डर जारी होते ही राजीव सिंह ठाकुर मणिपुर की ब्यूरोक्रेसी के मुखिया बन जाएंगे।

छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं राजीव ठाकुर

राजीव ठाकुर बिलासपुर छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। वे 1995 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्हें राजस्थान कैडर मिला। शुरुआती दिनों में वे पाली और राजसमंद के उपखंड अधिकारी रहे और फिर जयपुर के अतिरिक्त जिला कलेक्टर बने। वर्ष 2001 में उन्हें बांसवाड़ा जिले का कलेक्टर लगाया गया था जहां उन्होंने करीब डेढ साल तक कार्य किया। इसके बाद वे भीलवाड़ा, अलवर, करौली और श्रीगंगानगर के कलेक्टर भी रहे। वर्ष 2007 से 2088 तक वे ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत जापान में रहे।

मनमोहन सरकार में अहम पदों पर रहे राजीव ठाकुर

राजस्थान कैडर के आईएएस राजीव सिंह ठाकुर दूसरी बार केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। पहली बार वे वर्ष 2009 में केंद्रीय सेवाओं में गए और तत्कालीन मनमोहन सरकार में प्रधान मंत्री, ग्रामीण विकास विभाग एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय में निजी सचिव के रूप में करीब डेढ साल तक काम किया। बाद में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री के निजी सचिव के रूप में भी करीब दो साल तक काम किया। बाद में उन्हें ऊर्जा मंत्रालय में डायरेक्टर की जिम्मेदारी दी गई थी।

9 साल से फिर केंद्रीय सेवाओं में

आईएएस राजीव सिंह ठाकुर दिसंबर 2017 में फिर से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। पीएम मोदी सरकार में उन्हें रक्षा मंत्रालय के रक्षा विभाग में संयुक्त सचिव की अहम जिम्मेदारी दी गई। दो साल बाद उन्हें रक्षा मंत्रालय के सैन्य मामलों के विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया। इसके बाद लगातार तीन साल तक उन्होंने वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग में अतिरिक्त सचिव के रूप में काम किया। वर्तमान में वे नीति आयोग में सलाहकार के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। पिछले डेढ वर्ष से वे इस पद पर हैं। अब उन्हें और बड़ी जिम्मेदारी मिलने जा रही है।

Spread the love