पारिवारिक मूल्यों, संस्कारों और साफ-सुथरे पारिवारिक ड्रामे के लिए मशहूर फिल्ममेकर सूरज बड़जात्या एक बार फिर से अपनी नई फिल्म के साथ इतिहस दोहराने बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। रोमांस और स्वच्छ मनोरंजन से भरपूर उनकी अगली फिल्म ‘मैंने प्रेम मोल लिया’ जल्द ही रिलीज होनेवाली है और इससे पहले उन्होंने फिल्म का टाइटल ट्रैक जारी कर दिया है। श्रेया घोषाल की मेलोडियस आवाज के साथ एक बार फिर से उसी म्यूजिकल परंपरा को आगे बढ़ाने की कोशिश की गई है जिसके लिए सूरज बड़जात्या की फिल्में जानी जाती है। खास ये ही कि इस खूबसूरत गाने में बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में धूमधाम से मनाए जाने वाले पर्व छठी मैया की पूजा की भी खास झलक है।
आयुष्मान खुरानाऔर शर्वरी वाघ की अगली फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ की रिलीज के तैयार है। इससे पहले रविवार को फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का टाइटल ट्रैक रिलीज हुआ, जिसमें जॉइंट फैमिली के बीच का प्यार, रिश्तों की गर्माहट और आपसी प्यार, रोमांस, बड़ों का सम्मान और परंपरा जैसी सारी चीजें दिख रही हैं जहां गंदगी, हिंसा और फूहड़ता के लिए कोई जगह नहीं है।
श्रेया घोषाल की मेलोडियस आवाज में पिरोया गया है ये गाना
राजश्री का म्यूजिक हमेशा से ही लोगों ने खूब पसंद किया है । चाहे वो ‘मैंने प्यार किया’ हो, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हम साथ-साथ हैं’, ‘विवाह’ या ‘प्रेम रतन धन पायो’ जैसी फिल्में हों, हर कहानी में इमोशनल ताने-बानों को म्यूजिक में इस कदर पिरोया गया है कि ये लोगों के दिलों में दफन है। वहीं ‘ये प्रेम मोल लिया‘ के टाइटल ट्रैक को श्रेया घोषाल की मेलोडियस आवाज में पिरोया गया है जिसमें हिमेश रेशमिया और निहाल टौरो की भी आवाज है। इस गाने के सहारे एक नई धुन के साथ बड़जात्या रोमांटिक म्यूजिक की दुनिया में वापसी कर रहे हैं।
आयुष्मान खुराना और शर्वरी वाघ छठ पूजा करते दिख रहे
यह गाना आयुष्मान खुराना और शर्वरी वाघकी इस अगली फैमिली एंटरटेनर फिल्म की म्यूजिकल झलक पेश करता है, जिसमें कपल की मुलाकात से लेकर उनकी शादी और फिर छठ जैसे त्योहार में दोनों की बॉन्डिंग की दिल छू जाने वाली झलकियां हैं। इन झलकियों को देखकर लोग बेहद खुश दिख रहे हैं और इस तरह के सीन के लिए फिल्ममेकर की जमकर तारीफ भी कर रहे हैं।
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म में भी छठ पूजा
वहीं फिल्मों में छठ पूजा की बात करें तो सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया अपनी अपकमिंग फिल्म ‘द वन’ में इस महापर्व की खास झलक दिखने वाली है। कहा जा रहा है कि इस फिल्म में महापर्व छठ पूजा और बिहार की लोक संस्कृति की एक खूबसूरत झलक देखने को मिलेगी।
‘ये प्रेम मोल लिया’ का टाइटल ट्रैक रिलीज
रविवार को फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का टाइटल ट्रैक रिलीज के मौके पर आयुष्मान खुराना ने कहा कि उन्हें अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि वे राजश्री प्रोडक्शन के हीरो बन गए हैं। एक्टर ने यह भी बताया है कि ‘हम आपके हैं कौन’ देखने के बाद वे बहुत प्रभावित हुए थे। आयुष्मान खुाराना ने कहा, ‘मुझे याद है कि हम आपके है कौन में कई परिवार थे और उस फिल्म को देखने के बाद मुझे प्रेम से प्यार हो गया था, मुझे हिंदी सिनेमा और हमारे परिवार की ताकत से प्रेम हो गया था।’
‘राजश्री के साथ मेरा जो रिश्ता है, वो सिर्फ मेरा नहीं है, वो पूरे हिंदुस्तान का’
एक्टर ने राजश्री प्रोडक्शन हाउस के साथ अपने जुड़ाव पर बात करते हुए कहा कि यह रिश्ता सिर्फ उनका नहीं बल्कि, पूरे देश के परिवारों से जुड़ा है। उन्होंने कहा, ‘राजश्री के साथ मेरा जो रिश्ता है, वो सिर्फ मेरा नहीं है, वो पूरे हिंदुस्तान का है, सभी परिवारों का है। सभी परिवारों को एक साथ लाने की जो जिम्मेदारी उन्होंने फिल्मों के जरिए उठाई है, मुझे लगता है यह बहुत ही खूबसूरत है।’
‘मैं कहता था, सर प्लीज जूते मत उतारिए’
आयुषमान खुराना ने डायरेक्टर सूरज बड़जात्या से जुड़ा एक किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि कैसे फिल्ममेकर उनकी वैनिटी वैन में घुसने से पहले अपने जूते उतार देते थे। आयुष्मान ने याद करते हुए कहा, ‘मैं कहता था, सर प्लीज जूते मत उतारिए, वैनिटी में आ जाइए। लेकिन वो कभी सुनते ही नहीं थे। वो जूते उतार कर आते थे, मैं उनके चरण स्पर्श करता था और वो कहते थे आयुष्मान भव और फिर वो मुझे सीन समझाते थे। मुझे लगता है कि यह सिर्फ बचपन का सपना नहीं है। इसलिए राजश्री और उनकी लेगेसी के लिए तालियां बजनी चाहिए।’
पहली बार आयुष्मान और शर्वरी साथ में स्क्रीन पर
फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ एक पारिवारिक और रोमांटिक ड्रामा है, जिसमें पहली बार आयुष्मान और शर्वरी साथ में स्क्रीन पर नजर आएंगे। फिल्म में आयुष्मान खुराना, शर्वरी वाघ और अनुपम खेर मुख्य कलाकार के तौर पर नजर आएंगे। फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ को राजश्री प्रोडक्शंस ने महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 27 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।