भोपाल। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) से संबद्ध निजी कॉलेजों के बीएड विद्यार्थियों ने प्रथम सेमेस्टर की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में गड़बड़ी को लेकर गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। करीब 60 विद्यार्थियों ने कुलगुरु और कुलसचिव कार्यालय का घेराव कर सामूहिक आवेदन और ज्ञापन सौंपा
BU में B.Ed. छात्रों का घेराव, आरोप- सही जवाब पर दिए जीरो नंबर, दोबारा आन्सर कॉपी जांच की मांग
विद्यार्थियों ने मार्च 2026 में हुई बीएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का पुनः परीक्षण और अंकों की दोबारा जांच कराने की मांग की।विद्यार्थियों ने ज्ञापन में उत्तर पुस्तिकाओं की पुनः जांच कराने और द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल होने का अवसर देने की मांग की।
विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने उत्तर पुस्तिकाओं के अवलोकन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। अवलोकन के दौरान उन्हें बताया गया कि केवल अंकों की गणना में गलती की जांच की जा सकती है। उत्तरों का दोबारा मूल्यांकन या परीक्षक द्वारा दिए गए अंकों की समीक्षा का विकल्प उपलब्ध नहीं है।
विद्यार्थियों का कहना है कि कुछ मामलों में प्रश्नों के उत्तर लिखे होने के बावजूद शून्य अंक दिए गए हैं। ऐसे में उन्होंने उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराने की मांग की है। विद्यार्थियों का कहना है कि कई विद्यार्थियों को एक या दो विषयों में एटीकेटी मिली है। इसके चलते वे द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा का फार्म नहीं भर पा रहे हैं।
उनका कहना है कि पुनः जांच की प्रक्रिया पूरी होने में समय लग सकता है, इसलिए उन्हें प्रोविजनल रूप से द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जाए, ताकि उनका एक सेमेस्टर और आगे की पढ़ाई प्रभावित न हो।
मार्च में हुई प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए थे। प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी राजधानी के पांच निजी कालेजों के हैं। इनमें कई विद्यार्थी दूसरे शहरों से आकर भोपाल में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई और परीक्षा देते हैं।
ऐसे में दोबारा परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित होने से उन्हें आर्थिक और शैक्षणिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।