लखनऊ: सहारनपुर में कलेक्ट्रेट में बने अवैध मस्जिद को बुलडोजर से ढहाने के बाद विपक्ष लगातार आरोप लगा रहा है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तगड़ा हमला बोला है। उनका कहना कि ये सब इसलिए हो रहा है क्योंकि ये लोग भगवान प्रभु श्रीराम के धन में चोरी करते हुए पकड़े गए हैं। सच्चा सनातनी दूसरे धर्म का भी सम्मान करता है।
लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा- वे लोग सनातनी कभी नहीं हो सकते जो दूसरे धर्मों का सम्मान न करते हों, जो दूसरे की आस्था के साथ खिलवाड़ करते हों। एक सच्चा हिंदू कभी दूसरे का अपमान नहीं कर सकता। हमने तो यही सनातन में सीखा है। वसुधैव कुटुंबकम यही बताता है कि पूरा विश्व एक परिवार है। सच्चा सनातनी सौहर्द पसंद लोग हैं और सौहार्द बनाए रखना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है
अखिलेश यहीं नहीं रुके। वे बोले- ये इसलिए हो रहा है क्योंकि चढ़ावे की चोरी में ये लोग पकड़े गए हैं। SIT बनाकर जेल भेजने वाली बात से इनका सब कुछ छिन गया। जनता जान गई है कि ये किस तरह के लोग हैं इसलिए वे इसे सांप्रदायिक एंगल दे रहे हैं। सपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि मुस्लिम समुदाय को हाई कोर्ट में न्याय नहीं मिल सकता था? क्या अपील के लिए वे लोग सुप्रीम कोर्ट में नहीं जा सकते थे? अधिकारियों ने सरकार के इशारे पर ये काम किया है जिससे अगली कोर्ट में उन्हें न्याय ना मिल जाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि जिन्होंने रामधन की डकैती की है, आस्था के पैसे की चोरी की है वह घबराए हुए हैं। बीजेपी के इतिहास का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि यह वही पार्टी है, जिसने अपने पहले अध्यक्ष के समय सबसे ज्यादा चंदा मुस्लिम समाज से लिया था और खुद को सेक्युलर दिखाने के लिए प्रस्तावक भी मुस्लिम रखा था।
‘पार्किंग जितनी कमाई में बेच दी लाल बिल्डिंग’, अधिकारियों पर साधा निशाना
प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि जो लोग लाल बिल्डिंग को भ्रष्टाचार की इमारत बताते थे, उन्होंने जितने पैसे में बिल्डिंग बेची, उतना पैसा तो पार्किंग से कमाया जा सकता था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह कार्रवाई करने वाले अधिकारी पहले गोरखपुर में नौकरी कर चुके हैं और यह सारा गोरखधंधा वहीं से सीखकर आए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है और बदलाव के लिए अब सिर्फ 100 दिन बचे हैं।
शिक्षक दिवस पर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षक दिवस पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि शिक्षा और शिक्षकों का हमेशा सम्मान होगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल जुमलों से नहीं, बल्कि शिक्षा पर ईमानदारी से ध्यान देने पर ही संभव है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा रूढ़िवादी, सामंतवादी और एकरंगी सोच के खिलाफ खड़ी रहेगी।