पटना: बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि इस बार बांकीपुर की जनता भाजपा को करारा सबक सिखाने जा रही है। दिल्ली में पेपर लीक का विरोध कर रहे छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई का जिक्र करते हुए पीके ने कहा कि निर्दोष बच्चों को डंडों से पिटवाने का बदला बिहार का नौजवान वोट के जरिए लेगा। प्रशांत किशोर ने दावा किया कि भाजपा के अहंकार, जन प्रतिनिधियों की काहिली और मतदाता के अपमान के कारण इस सीट पर पार्टी की करारी हार निश्चित है।
प्रशांत ने दिल्ली लाठीचार्ज के बहाने बीजेपी को घेरा
बांकीपुर की चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे, प्रशांत ने कहा, ‘यहां पर सांसद, विधायक हैं जो निश्चिंत होकर बैठे हैं कि काम करें ना करें, जाति, धर्म, मोदी का चेहरा और लालू जी के डर पर वो चुनाव जीत जाएंगे। उन सबको बांकीपुर के मतदाता इस बार संदेश भेजने वाले हैं कि संभल जाओ। अगर काम नहीं करोगे तो अगले चुनाव में कोई नहीं बचा सकता है। ना जाति, ना धर्म, ना मोदी, ना लालू जी का डर। सबसे बड़ा एक और कारण भाजपा ने अपने अहंकार में जोड़ लिया है।’
‘बांकीपुर से जनता इस बार हराने जा रही’
प्रशांत किशोर ने कहा, ‘बांकीपुर में जनता भाजपा को हराने जा रही है। बिहार का करीब-करीब हर मतदाता हर नागरिक चाहता है कि भाजपा के नेतृत्व को ये क्लियर संदेश भेजा जाए कि सम्राट चौधरी का नेतृत्व मुख्यमंत्री के तौर पर बिहार को स्वीकार्य नहीं है। तो अगर बांकीपुर में भाजपा हारती है, सम्राट चौधरी को हटाने का रास्ता खुल जाएगा। 30 तारीख को वोट जनता यहां पर करेगी ताकि कि बिहार को सम्राट चौधरी से बेहतर कोई मुख्यमंत्री मिल सके।’
प्रशांत ने कहा, ’30 तारीख को कोई नहीं बचा सकता है। जो जनता ने निर्णय कर लिया है, वह अटल है। भाजपा पूरी तरीके से यहां पर हारने जा रही है। इसमें कोई किंतु परंतु नहीं है।’