भोपाल। राजधानी में करीब 98 हजार परिवारों के सामने रसोई गैस का संकट खड़ा हो गया है। ई-केवाईसी नहीं कराने पर 83 हजार एलपीजी कनेक्शन बंद किए गए हैं, जबकि 30 से अधिक कालोनियों के 14 से 15 हजार कनेक्शन पीएनजी उपलब्ध होने के रिकॉर्ड के आधार पर ब्लॉक हैं।
कई कॉलोनियों में नहीं है पीएनजी लाइन
समस्या यह है कि कई कालोनियों में पीएनजी लाइन ही नहीं है। कुछ जगह लाइन बिछी है, लेकिन घरों को कनेक्शन नहीं मिले हैं। ऐसे उपभोक्ताओं की एलपीजी बुकिंग भी बंद हो गई है। रहवासी गैस एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं।
उपभोक्ता एजेंसी में नंबर देकर जान सकते हैं कारण
जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन का कहना है कि उपभोक्ता एजेंसी में अपना नंबर देकर कनेक्शन ब्लॉक होने का कारण पता कर सकते हैं। पीएनजी उपलब्ध नहीं होने पर लिखित शिकायत देकर दोबारा ईकेवाईसी करानी होगी। समाधान नहीं होने पर संबंधित गैस कंपनी की वेबसाइट या टोल फ्री नंबर पर शिकायत की जा सकती है।