नई दिल्ली: वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। इस टीम में पंजाब के ऑलराउंडर नमन धीर को जगह मिली है। आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले नमन पहली बार भारतीय टीम में शामिल किए गए हैं। वह दाएं हाथ के बल्लेबाज के साथ दाएं ही हाथ के ऑफ स्पिनर हैं। हाल में ही उन्होंने पंजाब की टी20 लीग में बल्ले से गदर मनाया था। हालांकि उन्हें जगह वनडे टीम में मिली है।
घरेलू क्रिकेट में नमन धीर का रिकॉर्ड
नमन धीर ने घरेलू वनडे यानी लिस्ट ए क्रिकेट में सिर्फ 14 ही मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 39 की औशत और 106 की स्ट्राइक रेट से 351 रन बनाए हैं। इसमें चार अर्धशतक शामिल है। उनकी सबसे बड़ी पारी 97 रनों की है। इसके साथ ही गेंदबाजी में उन्होंने 7 विकेट चटकाए हैं। वह मध्यक्रम के बल्लेबाज हैं और मुख्य रूप से नंबर-4 से नंबर-6 के बीच में खेलते हैं। 61 मैचों की टी20 करियर में उन्होंने 26 की औसत 1222 जबकि 20 मैचों के फर्स्ट क्लास करियर में 23 की औसत से 669 रन बनाए हैं।
शेरे पंजाब टी20 लीग में रनों की बरसात की
हाल में ही शेरे पंजाब टी20 लीग का आयोजन किया गया था. इसमें नमन धीर अमृतसर सूरमास टीम का हिस्सा थे। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे औऱ प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब भी जीता था। 10 मैचों में नमन के बल्ले से 73 की औसत और 218 की स्ट्राइक रेट से 655 रन निकले थे। उन्होंने 49 चौके और इतने ही छक्के मारे। इसमें दो शतकीय पारियां थीं। उनकी सबसे बड़ी पारी 173 रनों की थी।
27 सितंबर से वनडे सीरीज की शुरुआत
वेस्टइंडीज की टीम भारत दौरे पर तीन वनडे के साथ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में पहला वनडे मैच होगा। इसके बाद 30 सितंबर को गुवाहाटी और 3 अक्टूबर को मुल्लांपुर में मैच खेले जाएंगे। 6 अक्टूबर से टी20 सीरीज की शुरुआत लखनऊ में होगी। 9 को रांची, 11 को इंदौर, 14 को हैदराबाद और 17 को बेंगलुरू में मुकाबले होंगे।