नई दिल्ली: आईपीएल के पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। कप्तान हार्दिक पंड्या फ्रेंचाइजी के साथ अपने भविष्य को लेकर अनिश्चितता के बीच दूसरी टीमों के विकल्पों की तलाश में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक ने अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस में वापस लौटने के लिए बातचीत की थी लेकिन उनकी एक खास शर्त के कारण यह डील सिरे नहीं चढ़ सकी।
गुजरात टाइटंस के साथ क्यों कैंसल हुई डील
हार्दिक और गुजरात टाइटंस दोनों ही ऑलराउंडर की टीम में वापसी के पक्ष में थे क्योंकि हार्दिक की ही कप्तानी में गुजरात ने अपने डेब्यू सीजन (2022) में खिताब जीता था। हालांकि, गुजरात की कमान दोबारा हासिल करने की उनकी जिद्द इस डील में सबसे बड़ी बाधा बन गई। फ्रेंचाइजी इस पर तैयार नहीं हुई।
मुंबई इंडियंस के लिए अच्छा नहीं रहा सीजन
मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 का सीजन बेहद निराशाजनक रहा था। टीम 14 में से केवल चार मुकाबले ही जीत सकी और अंक तालिका में 9वें स्थान पर रही। 2024 में रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनने के बाद से ही फैंस के साथ हार्दिक के रिश्ते में कड़वाहट देखी गई थी। मुंबई इंडियंस का मैनेजमेंट भी उनके प्रदर्शन और कप्तानी से खुश नहीं है और अगले सीजन के लिए उनकी जगह किसी अन्य विकल्प पर विचार कर रहा है।
कई टीमों से चल रही हार्दिक की बात
गुजरात के अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी दिग्गज टीमों ने भी हार्दिक पंड्या को लेकर मुंबई इंडियंस से संपर्क साधा है। हालांकि, इन सभी खबरों और अटकलबाजियों के बीच हार्दिक पंड्या के प्रवक्ता ने फ्रेंचाइजियों से सीधे बातचीत की खबरों को खारिज कर दिया है। प्रवक्ता ने स्पष्ट करते हुए कहा, ‘हार्दिक पंड्या की ट्रांसफर या ट्रेड के सिलसिले में किसी भी फ्रेंचाइजी से सीधे तौर पर कोई बातचीत नहीं हुई है। अगर इस तरह की कोई भी पहल की गई है, तो वह सीधे मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी के माध्यम से ही की गई है।’