रायपुर, छत्तीसगढ़ में आज कई जगह बारिश का अलर्ट है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी है। बलरामपुर के तेतरडीह में मंगलवार दोपहर कृषि विभाग का बांध टूट गया। पानी खेतों में भरने से धान की फसल को नुकसान हुआ है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। दक्षिण उत्तर प्रदेश और उससे लगे उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश में बना लो प्रेशर एरिया बारिश बढ़ा रहा है। अगले 24 घंटे मानसून सक्रिय रहेगा।
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 22 डिग्री सेल्सियस रहा।
शहर में आज (27 अगस्त) गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार इस मानसूनी सीजन में प्रदेश की औसत बारिश सामान्य स्थिति में है। अभी तक सामान्य से 2% कम पानी बरसा है। कम दबाव के क्षेत्र के असर से आने वाले दिनों में बारिश की एक्टिविटी बढ़ने की संभावना है।