ढाका: भारत और बांग्लादेश भाई-बहनों की तरह हैं। न सिर्फ उनकी सीमाएं जुड़ी हैं बल्कि उनके सपने भी एक जैसे हैं। साथ मिलकर वे एक बड़ी आर्थिक ताकत बन सकते हैं। यह बात गुरुवार को बांग्लादेश में भारत के नए हाई कमिश्नर दिनेश त्रिवेदी ने कही हैं। दिनेश त्रिवेदी ने बांग्लादेश में भारतीय उच्चायुक्त का कार्यभार संभाल लिया है और राजनयिकों की जगह राजनेता को किसी देश में दूत बनाकर भेजने का ये दुर्लभ मामला है। इसके पीछे भारत सरकार की सोच बांग्लादेश के साथ अच्छे संबंध बनाना है।
त्रिवेदी ने एल्गिन रोड स्थित नेताजी भवन में कहा ‘भारत और बांग्लादेश मिलकर सबसे मजबूत लोकतंत्र और अर्थव्यवस्था के तौर पर उभर सकते हैं और हमें इसी लक्ष्य को हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए।’ उन्होंने गुरुवार को वहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि भी दी। दिनेश त्रिवेदी ने उम्मीद जताई है कि बांग्लादेश और भारत मिलकर सबसे मजबूत लोकतंत्र और दुनिया की सबसे बड़ी ताकतों में से एक के तौर पर उभर सकते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वे यह लक्ष्य हासिल कर लेंगे।
दिनेश त्रिवेदी बने बांग्लादेश के उच्चायुक्त
कोलकाता में उन्होंने कहा ‘हम भारत और बांग्लादेश के लोगों के लिए यही कामना करते हैं कि हम दोनों मिलकर सबसे मजबूत लोकतंत्र और दुनिया की सबसे मजबूत ताकतों में से एक के रूप में उभरें और हम यही करने जा रहे हैं और मुझे इसमें कोई शक नहीं है कि हम इसे हासिल कर लेंगे।’ आपको बता दें कि दिनेश त्रिवेदी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त के तौर पर नियुक्ति के लिए ‘लेटर ऑफ़ क्रेडेंस’ (प्रमाण-पत्र) मिल गया है और वे आज यानि 12 जून को बेनापोल-पेट्रापोल लैंड पोर्ट के जरिए बांग्लादेश पहुंचने वाले हैं।
राजनेता को राजनयिक बनाने का मतलब क्या है?
पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री और वरिष्ठ नेता दिनेश त्रिवेदी एक राजनेता हैं जिन्हें एक राजनयिक की भूमिका दी गई है। वे अपनी राजनीतिक परिपक्वता, भाषा (बंगाली) और रणनीतिक समझ के जरिए भारत और बांग्लादेश के बीच के संवेदनशील रिश्तों को एक नए मुकाम पर ले जा सकते हैं। वे कूटनीति के पारंपरिक दायरे से बाहर जाकर सीधे राजनीतिक स्तर पर संवाद स्थापित कर सकते हैं। पश्चिम बंगाल से जुड़े होने के कारण उन्हें बंगाल और बांग्लादेश दोनों की जमीनी राजनीति और संस्कृति की गहरी समझ है जो ढाका के साथ बातचीत को ज्यादा सहज बनाएगी।