भारत ने पैरा एशियन गेम्स के 5वें दिन शुक्रवार को 6 गोल्ड मेडल जीत लिए हैं। इससे उसके 27 गोल्ड मेडल हो गए हैं।
सुबह पहला गोल्ड हरविंदर सिंह और विजय सुंडी ने रिकर्व आर्चरी में दिलाया। फिर नीतेश कुमार और नवीन शिवकुमार ने बैडमिंटन में एक-एक स्वर्ण जीते।
एथलेटिक्स में हनी जेवलिन थ्रो और संदीप 100 मीटर दौड़ में वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ एशियन चैंपियन बने। शूटर मोना अग्रवाल ने दूसरा स्वर्ण पदक जीता।
इंडिया को आज 6 गोल्ड, 7 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज सहित 15 मेडल मिल चुके हैं। भारत मेडल टैली में चौथे नंबर पर आ गया है। उसके पास कुल 103 मेडल हैं।
1. बैडमिंटन : नीतेश कुमार ने प्रमोद को हराकर जीता पुरुष SL3 गोल्ड
नीतेश कुमार ने बैडमिंटन की मेंस सिंगल्स SL3 कैटेगरी के फाइनल में अपने ही देश के हमवतन प्रमोद भगत को सीधे गेमों में 21-18, 21-16 से हराया।
नीतेश के पास अब थुलासिमथि के साथ मिक्स्ड डबल्स SL3-SU5 में भी गोल्ड जीतने का मौका है। वहीं, महिला SU5 में थुलासिमथि मुरुगेसन को सिल्वर मिला। उन्हें चीन की यांग क्यूशिया ने हराया।
2. बैडमिंटन : नवीन शिवकुमार ने गोल्ड मेडल जीता
नवीन शिवकुमार ने पैरा बैडमिंटन के पुरुष सिंगल्स SL4 फाइनल में गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने इंडोनेशिया के फ्रेडी सेटियावान को सीधे गेम में 21-9, 21-17 से हराया।
SL4 कैटेगरी के खिलाड़ियों के पैरे के निचले अंगों (पैरों) में मामूली या मध्यम स्तर की विकलांगता होती है। यह कैटेगरी उन एथलीटों के लिए होती है, जो खड़े होकर खेलते हैं।
3. आर्चरी : हरविंदर-विजय ने चीन को 5-1 से हराया
रिकर्व आर्चरी की रिकर्व मेंस डबल्स कैटेगरी में हरविंदर सिंह और विजय सुंडी ने फाइनल में चीन को 5-1 से हराया।
भारतीय जोड़ी ने दूसरा और तीसरा सेट जीतकर खिताब अपने नाम किया। पहला गेम दोनों टीमों के बीच 35-35 से बराबर रहा। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने दूसरा गेम 37-36 से जीता। भारतीय जोड़ी ने तीसरा गेम 38-36 से जीता। उसने गेम के आधार पर मुकाबला 5-1 से अपने नाम कर लिया।
वहीं, महिला पैरा रिकर्व डबल्स में भारत को सिल्वर मेडल मिला। भावना चौधरी और पूजा जाटयान को फाइनल में चीन की गाओ जिहान और वांग शुएचियान ने 6-0 से हराया।
4. एथलेटिक्स : हनी ने 60.49 मीटर भाला फेंका, यह वर्ल्ड रिकॉर्ड
हनी (टॉप्स) ने पैरा एथलेटिक्स की पुरुष भाला फेंक F37/38 स्पर्धा में 60.49 मीटर का थ्रो करके गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने T37 कैटेगरी में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। हनी को 1,116 पॉइंट मिले।
5. एथलेटिक्स : संदीप ने भारत को 100वां मेडल दिलाया
पैरा एथलेटिक्स में भारत ने 100वां मेडल जीत लिया है। संदीप ने पुरुषों की 400 मीटर T64 स्पर्धा में 52.28 सेकेंड का समय लेकर गोल्ड मेडल जीता। अजय कुमार ने 53.61 सेकेंड के समय के साथ ब्रॉन्ज जीता।
डेब्यू कर रहे संदीप ने T44 कैटेगरी में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इस कैटेगरी में वे एथलीट्स आते हैं, जिनके पैर घुटने के नीचे प्रभावित हैं, लेकिन वे कृतिम अंगों का प्रयोग नहीं करते हैं।
6. शूटिंग: मोना ने वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा
शूटर मोना अग्रवाल ने दूसरा गोल्ड जीता। उन्होंने महिलाओं के 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन SH1 इवेंट में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।
मोना ने 357.5 का स्कोर किया। उन्होंने स्वीडन की अन्ना बेन्सन का 356 का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने साउथ कोरिया की ली यूनरी का 355.7 का एशियन रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ा।
चीन की झांग कुइपिंग ने 353.7 के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल जीता। साउथ कोरिया की किम मियॉन्ग को 344.4 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मिला। भारत की अवनि लेखरा 333.2 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहीं।