छात्रों पर विवादित बयान देने वाला केरलम का यूट्यूबर गिरफ्तार:डिजिटल डिवाइस जब्त

कोच्चि, केरलम पुलिस ने सोमवार को राइट विंग कमेंटेटर और यूट्यूबर टीजी मोहनदास को गिरफ्तार किया। उन पर NEET पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को लेकर विवादित बयान देने का आरोप है।

पुलिस ने जांच के लिए डिजिटल डिवाइस भी जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, मोहनदास ने 24-25 जुलाई को यूट्यूब चैनल ‘पथरिका’ पर वीडियो अपलोड किए थे।

मोहनदास पर आरोप है कि उन्होंने वीडियो में कहा- ‘जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन में ‘गैंगरेप की घटनाएं हो सकती हैं’, लेकिन इसकी कोई शिकायत नहीं होगी क्योंकि प्रदर्शन में शामिल होने वालों को रेप पसंद है और कुछ लड़कियां हैं जो रेप का आनंद लेती हैं।’

उन्होंने कहा था कि अगर वह होते तो जंतर-मंतर पर कर्फ्यू लगा देते और प्रदर्शनकारियों को हटने का आदेश देते। अगर प्रदर्शनकारी नहीं मानते, तो वे फायरिंग का आदेश देते।

पुलिस ने सोशल मीडिया से वीडियो हटाने को कहा

  • पुलिस को मिली शिकायत में आरोप है कि वीडियो का मकसद लोगों में डर और अशांति फैलाना था। पुलिस रविवार देर रात कोच्चि में मोहनदास के घर पहुंची। उन्हें आधी रात को तिरुवनंतपुरम साइबर पुलिस स्टेशन लाया गया, जहां उनकी गिरफ्तारी हुई। उन्हें सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
  • पुलिस ने उनके यूट्यूब अकाउंट की जांच कर रही है। वीडियो बनाने और अपलोड करने में इस्तेमाल डिजिटल डिवाइस को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने सोशल मीडिया ऑपरेटरों से विवादित वीडियो हटाने का अनुरोध भी किया है।
  • मोहनदास पर BNS, IT एक्ट और केरल पुलिस एक्ट की कई धाराओं में केस दर्ज हुआ है। आरोपों में दंगा भड़काने की कोशिश, झूठी जानकारी या अफवाह फैलाना शामिल है। जांच के दौरान और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।

थाने और कोर्ट के बाहर सुरक्षा बढ़ाई

मोहनदास को रविवार को हिरासत में लिए जाने के दौरान उनके कोच्चि स्थित घर के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। इसे देखते हुए पुलिस तिरुवनंतपुरम साइबर पुलिस स्टेशन और संबंधित कोर्ट के आसपास भीड़ या प्रदर्शन की आशंका को लेकर सतर्क है।

केरलम के गृह मंत्री बोले- कानूनी प्रक्रिया के तहत हुई गिरफ्तारी

केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने कहा कि मोहनदास के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद उसे तुरंत साइबर सेल के IG को भेजा गया था। उनकी गिरफ्तारी कानूनी प्रक्रिया के तहत हुई है।

Spread the love