रवि तेजा पर विवाद: चाइल्‍ड आर्टिस्‍ट के लिए कहा ‘अपमानजनक’ शब्‍द, उड़ाया मजाक तो भड़के लोग- घ‍िनौना आदमी!

तेलुगू सुपरस्‍टार रवि तेजा विवादों में घ‍िर गए हैं। मामला शिवा निर्वाण की अपकमिंग फ‍िल्म ‘इरुमुडी’ से जुड़ा है। रवि तेजा स्‍टारर यह फिल्‍म 21 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इसमें उनके साथ चाइल्ड आर्टिस्‍ट नक्षत्रा भी हैं। रविवार शाम को फिल्‍म से जुड़े एक इवेंट में रवि तेजा ने मजाक-मजाक में नक्षत्रा के लिए एक ‘अपमानजक’ शब्द इस्तेमाल किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी खूब छीछालेदर हो रही है। हालांकि तेलुगू भाषी इलाकों में कुछ जगहों पर इस शब्द का इस्तेमाल प्यार से किया जाता है, लेकिन आम तौर पर इसे महिलाओं के लिए अपमानजनक माना जाता है।

‘इरुमुडी’ में नक्षत्रा ने रवि तेजा की बेटी का किरदार निभाया है। प्रमोशनल इवेंट के दौरान, 58 साल के रवि तेजा ने जब बेबी नक्षत्रा के लिए यह शब्‍द इस्‍तेमाल किया, तब वहां मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे। अब सोशल मीडिया पर नाबालिग बच्‍ची के साथ ऐसे बर्ताव पर लोग एक्‍टर को कोस रहे हैं। उन्‍हें ‘घ‍िनौना’ तक कह रहे हैं।

नक्षत्रा ने रवि तेजा से पूछा था- आप मुझे क्‍या निकनेम देंगे?

यह सब तब हुआ, जब ‘इरुमुडी’ के प्री-रिलीज इवेंट में नक्षत्रा ने रवि तेजा से पूछा, ‘आप मुझे क्या निकनेम देना चाहेंगे?’ इस पर एक्टर ने दो बार वह ‘अपमानजनक शब्‍द’ कहा। इस पर वहां मौजूद लोग अजीब तरह से हंसने लगे। नक्षत्रा भी कंफ्यूज हो गईं। उन्‍होंने कहा, ‘सॉरी, मुझे इसका मतलब नहीं पता।’ इस पर रवि तेजा ने जवाब दिया, ‘मैं तुम्हें बाद में बताऊंगा।’ और यह कहते हुए वह भी हंसने लगे।

रवि तेजा ने जो शब्‍द कहा, उसका एक मतलब ये भी

हालांकि, रवि तेजा ने जिस शब्‍द का इस्‍तेमाल किया है, तेलुगू भाषी कई इलाकों में उसका मतलब ‘जरूरत से ज्यादा समझदार’ होता है। यह समझदार बच्चों के लिए प्यार से इस्‍तेमाल किया जाता था, लेकिन अध‍िकतर इलाकों में इसे महिलाओं के लिए अपमानजनक शब्द माना जाता है।

लोग भड़के, रवि तेजा से कहा- एक बच्‍ची के लिए ऐसा कहा… घ‍िनौनी सोच

अब रवि तेजा के इस रवैये पर इंटरनेट यूजर्स का गुस्‍सा फूट पड़ा है। इस इवेंट का वीडियो क्लिप खूब शेयर किया जा रहा है और रवि की कड़ी आलोचना हो रही है। एक यूजर ने X पर लिखा है, ‘अरे, तुम एक बच्ची से ऐसा क्यों कह रहे हो?’ एक दूसरे यूजर ने लिखा, ‘कैसी घ‍िनौनी सोच है। आप ये क्या कह रहे हैं? वह भी एक बच्ची से और यह तो धार्मिक फ‍िल्म है!! यह बहुत ही गलत बात है।’

यूजर्स ने कहा- आपकी भी बेटी है, क्‍या उसके लिए भी ऐसा कहेंगे!

रवि तेजा का यह क्‍लिप ‘रेडिट’ पर भी चर्चा में हैं। वहां एक लिखा, ‘वह सच में एक बच्ची है, यह कितना घटिया इंसान है।’ जबकि दूसरे यूजर ने कमेंट किया, ‘जैसे आपके फैन हैं, वैसी ही आपकी हरकतें हैं।’ एक अन्‍य यूजर ने लिखा, ‘आपकी भी एक बेटी है, क्या आप उसके बारे में ऐसा कहोगे?’

इवेंट में हंसने वाले लोगों पर भी भड़के यूजर्स

सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म X पर एक यूजर ने इवेंट में हंसने वाले सभी लोगों पर निशाना साधा है। कहा, ‘वह बच्ची है, यह कैसी भाषा है? फ‍िल्म इंडस्ट्री में ही ऐसे घटिया लोग भरे पड़े हैं… छी-छी। ये सब हंस रहे हैं। घट‍िया लोग।’ हालांकि, कुछ लोगों ने यह समझाने की कोश‍िश की है कि इस शब्‍द का असल मतलब गलत नहीं है। ऐसे ही एक यूजर ने लिखा, ‘मुझे नहीं पता क्यों, लेकिन यह शब्‍द तो बच्चों के प्रति प्‍यार से इस्‍तेमाल होता है। यह अजीब लगता है, लेकिन यह स्नेह की बात है।’

रवि तेजा कौन हैं? तेलुगू सिनेमा में कहते हैं- मास महाराजा

तेलुगू सुपरस्‍टार रवि तेजा हिंदी के दर्शकों में भी खासे पॉपुलर हैं। उनकी हिंदी डब वर्जन फिल्‍में खूब देखी जाती हैं। बता दें कि एक्‍टर का असली नाम भूपतिराजू रवि शंकर राजू है। वह अपनी कॉमिक टाइमिंग के लिए मशहूर हैं। रवि तेजा को तीन नंदी पुरस्कार और एक फ‍िल्मफेयर अवॉर्ड साउथ मिल चुका है। साल 2012, 2013 और 2015 में प्रतिष्‍ठ‍ित ‘फोर्ब्स मैगजीन’ ने उन्‍हें देश के ‘टॉप 100 सेलेब्रिटीज’ की लिस्‍ट में जगह दी थी। एक्शन-कॉमेडी फ‍िल्मों के लिए मशहूर रवि तेजा को फैंस ‘मास महाराजा’ के नाम से भी बुलाते हैं।

‘इरुमुडी’ फिल्‍म: अयप्‍पा दीक्षा पर बनी एक्‍शन फिल्‍म

शिवा निर्वाण के डायरेक्‍शन में बनी ‘इरुमुडी’ एक ऐसे आदमी की कहानी है, जिसका बीता हुआ कल बहुत हिंसक रहा है। वह एक शराबी बन चुका है, लेकिन अपनी बेटी के कहने पर शांति की चाह में वह अयप्पा दीक्षा लेता है। इस तेलुगू एक्शन ड्रामा फ‍िल्म में रवि तेजा के साथ प्रिया भवानी शंकर लीड रोल में हैं। नक्षत्रा ने फिल्‍म में रवि तेजा की बेटी का किरदार निभाया है।

Spread the love