इस्लामाबाद: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में पाकिस्तानी सेना और सुरक्षाबलों ने खूनी खेल खेला है। रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाई हैं, जिसमें 27 लोग मारे गए हैं। इस घटना के बाद से पीओके में तनाव बढ़ गया है। पीओके में प्रदर्शन की अगुवाई करने वाली जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) ने आरोप लगाया है कि सुरक्षा बलों ने रावलकोट में एक अंतिम संस्कार में जमा हुए लोगों पर फायरिंग की। हिंसा की घटना ऐसे समय में हुई है, जब पाकिस्तान ने कब्जे वाले गिलगित बाल्टिस्तान में 7 जून को चुनाव कराए हैं।
जनाजे की प्रार्थना के लिए जुटे थे लोग
जॉइंट अवामी ऐक्शन कमेटी के अनुसार, शाहजेब हबीब नाम के प्रदर्शनकारी को शुक्रवार को पाकिस्तानी रेंजर्स ने मार दिया था। ऐक्शन कमेटी के नेताओं का कहना है कि रावलकोट के कंबाइंट मिलिट्री हॉस्पिटल के बाहर शाहजेब की अंतिम संस्कार की प्रार्थना के लिए लोग जुटे थे। इसमें अवामी ऐक्शन कमेटी के नेता भी शामिल थे। इस दौरान लोग पाकिस्तानी सेना और पाकिस्तान की सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे, तभी सुरक्षाबलों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
गोलीबारी में 27 प्रदर्शनकारियों की मौत
CNN-न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार, कमेटी ने आरोप लगाया है कि सुरक्षाबलों की गोलीबारी में कम से कम 27 प्रदर्शनकारी मारे गए हैं। कुछ स्थानीय लोग 100 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की बात कर रहे हैं। हालांकि, मारे जाने वाले लोगों के बारे में पुष्टि नहीं हो पाई है।
अवामी ऐक्शन कमेटी ने दावा किया है कि अस्पताल परिसर से लगभग 100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, सुरक्षा कार्रवाई के बाद कई लोग लापता हैं। कमेटी ने यह भी आरोप लगाया है कि सुरक्षाबलों ने मारे गए प्रदर्शनकारियों के शवों को अपने कब्जे में ले लिया है।
हिंसा की चपेट में पीओके
पीओके में हिंसा की घटना ऐसे समय में हुई है जब यह इलाका पिछले कुछ हफ्तों से अशांति की चपेट में है। पीओके के लोग अपने राजनीतिक अधिकारियों और सुरक्षाबलों की ज्यादतियों के खिलाफ लंबे समय से प्रदर्शन कर रहे हैं। आरोप है कि पाकिस्तानी सुरक्षाबल लोगों पर अपनी मनमानी करते रहे हैं और इस इलाके को खुली जेल में बदल दिया गया है।
इसके खिलाफ पीओके के लोगों का गुस्सा फूट रहा है। हाल में हुए प्रदर्शनों के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच झड़पें हुई हैं। ऐक्टिविस्टों का कहना है कि पाकिस्तान से जुड़े सुरक्षाबलों के 7 सदस्य मारे गए हैं। इनमें पीओके की पुलिस के 4 जवान और रेंजर्स व फ्रंटियर कॉर्प्स के तीन सदस्य शामिल हैं।