‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में तारक मेहता के बॉस का किरदार निभाने वाले दिग्गज अभिनेता राकेश बेदी ने हाल ही में असित कुमार मोदी के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात की। एक्टर ने यह भी बताया कि वह टीवी पर रेगुलर रोल्स क्यों नहीं करना चाहते। टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ एक बातचीत में राकेश ने कहा कि वह टीवी कॉन्ट्रैक्ट से बंधे नहीं रहना चाहते और ‘तारक मेहता’ में कम भुगतान मिलने के बारे में मजाकिया अंदाज़ में बात की।
असित कुमार मोदी के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘दोस्ती आपसी सम्मान और तारीफ पर टिकती है। वरना यह टिकती नहीं, खासकर हमारी इंडस्ट्री में जहां हर कोई प्रोफेशनल है और लगातार आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा है। लोग अक्सर गलाकाट कॉम्पटिशन की बात करते हैं, लेकिन मैं इसमें विश्वास नहीं करता। मुझे लगता है कि मेरी प्रतिस्पर्धा सिर्फ खुद से है। मैं हमेशा पहले से बेहतर बनने की कोशिश करता हूं।’