लखनऊ: भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने 8 विकेट से जीत दर्ज की और 5 मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। भारत के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार शतक लगाया और टीम को जीत दिलाई। यह श्रेयस के टी20 करियर का पहला शतक था। वह 43 गेंद में 102 रन बनाकर नाबाद रहे। इस पारी में उन्होंने 10 चौके और 6 छक्के लगाए। अपने टी20 करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलने के बाद श्रेयस ने खुलासा किया है कि वह जेटलैग के कारण नींद से जूझ रहे थे।
श्रेयस के इस बयान ने दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स की याद दिला दी, जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका की ऐतिहासिक रन चेज में बेहतरीन शतक लगाया था। उन्होंने मैच से पहले वाली रात जमकर बीयर पी थी और हैंगओवर में शतकीय पारी खेली थी।
हर्षल गिब्स के साथ क्या हुआ था?
दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच ऐतिहासिक वनडे मैच मार्च 2006 में खेला गया था। इस मैच से पहले वाली रात हर्षल गिब्स देर रात 1 बजे तक शराब पी रहे थे। अगले दिन उनके सिर में दर्द था और भारी हैंगओवर था। इसके बावजूद उन्होंने 111 गेंदों में 175 रन की तूफानी पारी खेली थी। उनके इस शतक की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने 434 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया था। 20 साल बाद भी यह वनडे इतिहास की सबसे सफल रनचेज है।
श्रेयस के साथ क्या हुआ?
श्रेयस अय्यर की टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच से पहले जापान में एशियन गेम्स का फाइनल खेल रही थी। यहां भारत ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को हराया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। हालांकि, जश्न मनाने की बजाय सभी खिलाड़ियों ने जल्द ही पैकिंग की और भारत लौट आए। 3 अक्टूबर को गोल्ड मेडल मैच खेलने के बाद सभी खिलाड़ी भारत और 6 अक्टूबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच खेला। इसी मैच में श्रेयस ने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली। हालांकि, उन्होंने कहा कि व्यस्त शेड्यूल और जेटलैग से उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई, लेकिन बातचीत के बीच ही उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन्हें नींद आ रही है। इसी से समझा जा सकता है कि श्रेयस ने भले ही बेहतरीन बल्लेबाजी की हो, लेकिन वह नींद के आगोश में जरूर थे।
क्यों हुई परेशानी?
भारत और जापान के समय में 3.5 घंटे का अंतर है। श्रेयस और उनकी टीम के पास जापान से भारत का सफर करने और तैयारी करने के लिए बेहद कम समय था। भारत-पाकिस्तान गोल्ड मेडल मैच खत्म होने और भारत-वेस्टइंडीज मैच शुरू होने में 80 घंटे का अंतर था। इसी दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने मेडल सेरेमनी में भाग लिया। जापान से भारत की फ्लाइट में बैठे, जो 8-10 घंटे की होती है। इसके बाद लखनऊ आकर हल्की तैयारी की और वेस्टइंडीज के खिलाफ आसान जीत हासिल की।