तिरुवनंतपुरम: भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में रोहित शर्मा का पुराना अंदाज देखने को मिला। मैच की पहली पारी में फील्डिंग के दौरान उन्होंने रवींद्र जडेजा को धीमी गति से गेंदबाजी करने की सलाह दी। रोहित की यह बातचीत स्टंप माइक पर रिकॉर्ड हो गई। इसके बाद से रोहित का वीडियो वायरल हो रहा है। इससे पहले भी कई बार रोहित की बातचीत स्टंप माइक पर रिकॉर्ड हुई थी और इसके वीडियो फैंस के बीच चर्चा का विषय थे।
इस मैच में रोहित बल्ले के साथ कुछ खास नहीं कर पाए। हालांकि, उन्होंने 32 रन की पारी में कई बेहतरीन शॉट खेले, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए। रोहित से दूसरे वनडे मैच में बेहतरीन पारी की उम्मीद होगी। मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि यह हमारे लिए म्यूजिक के समान है।
जडेजा को धीमी गेंद करने की सलाह
मैच के दौरान रोहित शर्मा ने रवींद्र जडेजा को धीमी गति से गेंद करने की सलाह दी। उन्होंने कहा, ‘जड्डू, थोड़ा धीरे डाल, तेज डालेगा तो अच्छा आ रहा है बैट पर, तेज डाला हुआ बॉल अच्छा आ रहा है बैट पर।’ इस दौरान कमेंटरी कर रही वरुण एरोन ने कहा कि रोहित शर्मा के पास अच्छा खासा अनुभव है। रोहित और जडेजा लंबे समय से साथ खेल रहे हैं और रोहित शर्मा जानते हैं कि जडेजा को इस विकेट पर क्या करना चाहिए।
भारत ने 8 विकेट से जीता मैच
इस मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 295 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने 2 विकेट खोकर 300 रन बना दिए और मैच 8 विकेट से जीत लिया। भारत के लिए पहले कुलदीप यादव ने शानदार प्रदर्शन किया और 40 रन देकर 4 विकेट लिए। वहीं, बल्ले से शुभमन गिल ने 110 रन की पारी खेली। विराट कोहली ने 88 गेंदों में नाबाद 139 रन बनाए और टीम इंडिया को जीत दिलाकर ही वापस लौटे।