सुकमा में साइबर अपराधों के प्रति स्कूली बच्चों को किया गया जागरूक

सुकमा। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में सुकमा जिले में व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। इसी कड़ी में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित “मिशन शक्ति“ (महिला सशक्तिकरण हब) की टीम द्वारा शनिवार को स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, कुम्हाररास में एक दिवसीय साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्तमान डिजिटल युग में स्कूली बच्चों को इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना था।

   कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित महिला थाना प्रभारी श्रीमती पदमा जगत ने बच्चों को साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकारों और उनसे बचने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मोबाइल फोन के सकारात्मक और नकारात्मक प्रभावों से अवगत कराते हुए सतर्क रहने की सलाह दी। इसके साथ ही उन्होंने बच्चों को सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दूरी बनाने, निजी जानकारियां साझा न करने और किसी भी प्रकार के ऑनलाइन खतरे या ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तुरंत माता-पिता या पुलिस को सूचित करने के लिए प्रेरित किया।

   इस महत्वपूर्ण जागरूकता अभियान के दौरान स्वामी आत्मानंद स्कूल की प्राचार्या श्रीमती ट्रिजा दास सहित विद्यालय के शिक्षक गण उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला एवं बाल विकास विभाग से श्रीमती प्रमिला सिंह तथा जिला मिशन समन्वयक शांति सेठिया ने सक्रिय भूमिका निभाई। विभाग की इस पहल को सराहते हुए विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रखने और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होंगे।

Spread the love