आईफोन के लिए 300 फीट ऊंची पहाड़ी से कूदा बेटा:बचाने में पिता भी गिरे

छत्रपति संभाजीनगर, महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में शुक्रवार को एक परिवार में iPhone को लेकर हुए झगड़े का अंत बेहद दुखद हुआ। शहर के तीसगांव इलाके के 300 फीट ऊंचे खवड्या पहाड़ से गिरकर एक ही परिवार के बेटे-पिता और मां की जान चली गई।

पुलिस के मुताबिक, बेटे ने iPhone तो खरीद लिया था, लेकिन वह इसकी EMI नहीं चुका पा रहा था। EMI चुकाने के लिए वह परिवार से पैसे मांग रहा था।

इसे लेकर उसकी अपने पिता के साथ कहासुनी हो गई। यहीं से इस दर्दनाक घटना की शुरुआत हुई। कहासुनी के बाद कुणाल गुस्से में घर से निकल गया। खवड्या पहाड़ पर चढ़ गया।

मरने वालों की पहचान कुणाल चांदगुडे (18 साल), पिता मुरलीधर चांदगुडे (48 साल) और मां संगीता चांदगुडे (42 साल) के रूप में हुई है।

घटना के चश्मदीद और गांव के पूर्व सरपंच संजय ने बताया, ‘कुणाल सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक पहाड़ की ऊंची चट्टान पर खड़ा था। बार-बार अपनी जगह बदल रहा था। उसकी मां लगातार रोते हुए बेटे से नीचे आने की गुहार कर रही थी, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।’

उन्होंने बताया ‘मैंने भी उसे समझाते हुए कहा कि तुम पढ़े-लिखे हो, ऐसा कदम मत उठाओ, लेकिन कुणाल पर कोई असर नहीं हुआ। चार साल पहले कुणाल के छोटे भाई की भी मौत हो चुकी है। इस हादसे के बाद पूरा परिवार खत्म हो गया।’

कुणाल के पिता पहाड़ी के उस हिस्से तक पहुंचे जहां वह खड़ा था। उन्होंने बेटे को पीछे खींचने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से दोनों गहरी खाई में गिर गए।

Spread the love