नई दिल्ली: शेयर बाजार ने साल की दूसरी छमाही की शुरुआत पॉजिटिव नोट के साथ की है। पिछले दो दिन की गिरावट के बाद आज बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 500 अंक उछल गया जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स भी 24,000 अंक से ऊपर चला गया। मीडिया, एफएमसीजी और ऑटो शेयरों में तेजी आई है। साथ ही रियल्टी, कंसट्रक्शन और सीमेंट सेक्टर भी पॉजिटिव दिख रहे हैं। इस बीच अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पावर के शेयरों में करीब 18 फीसदी तेजी आई है।
सुबह 11.15 बजे सेंसेक्स 503.61 अंक यानी 0.66% तेजी के साथ 76,982.28 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी भी 152.35 अंक यानी 0.64% ऊपर 24,018.10 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स के 30 में से 21 शेयर तेजी के साथ ट्रेड कर रहे हैं। अडानी पोर्ट्स, इटरनल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एशियन पेंट्स और मारुति में उल्लेखनीय तेजी आई है। दूसरी ओर, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, लार्सन एंड टुब्रो और बजाज फिनसर्व में सबसे ज्यादा गिरावट आई है।