साइकिल खड़ी करने पर बवाल, भोपाल के ऐशबाग में पड़ोसियों के बीच चले चाकू, दो भाइयों समेत 5 घायल

भोपाल। ऐशबाग थाना क्षेत्र में गुरुवार रात साइकिल खड़ी करने की बात को लेकर पड़ोसियों के बीच चाकूबाजी हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे से मारपीट की और बात बढ़ने पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में दो भाईयों समेत पांच लोग घायल हो गए हैं। ऐशबाग पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार अहमद अली कालोनी में आसिफ खान और आरिफ खान दोनों भाई अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके पड़ोस में मोहम्मद अली और उनके बेटे फैज व सैफ भी रहकर प्राईवेट काम करते हैं। गुरुवार शाम करीब सात बजे आरिफ के बेटे की साइकिल खडी़ करने को लेकर उसकी मोहम्मद अली से कहासुनी शुरू हुई थी। शुरुआत में मामूली बहस थी, लेकिन कुछ ही देर में मामला गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मोहम्मद अली ने अपने बेटों फैज और सैफ अली को मौके पर बुला लिया।

घायल अस्पताल में भर्ती

इसके बाद तीनों ने मिलकर आरिफ पर चाकू से हमला कर दिया। आरिफ को बचाने पहुंचे उसके भाई आसिफ पर भी चाकू से वार किया गया, जिससे वह भी घायल हो गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि आसिफ और आरिफ ने मिलकर पहले मारपीट की। इसी दौरान आरिफ ने चाकू से हमला किया, जिससे एक युवक की हाथ की उंगली कट गई।

जान से मारने की दी गई धमकी

परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही ऐशबाग पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर मोहम्मद अली, फैज और मोहम्मद अली को गिरफ्तार कर लिया है।

Spread the love