भोपाल में पड़ोसी परिवारों में खूनी बलवा… तलवार, लाठी-डंडों से हमला, एक युवक गंभीर, तीन महिलाएं घायल

भोपाल। भोपाल के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित गोंदरमऊ क्वार्टर में गुरुवार को दो पड़ोसी परिवारों के बीच पुरानी रंजिश हिंसक संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर तलवार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में रितिक नामक युवक की गर्दन पर तलवार लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दोनों पक्षों की तीन महिलाएं भी घायल हुई हैं।

कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस के मुताबिक, रितिक और फूलसिंह बंसकार का परिवार आमने-सामने रहता है। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह घर के बाहर रितिक और निर्भय की फूलसिंह से कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान रितिक पर तलवार से हमला किया गया।

हत्या के प्रयास का केस, पांच आरोपी गिरफ्तार

घटना में पुष्पा भी तलवार लगने से घायल हुई, जबकि मुस्कान और दूसरे पक्ष की भागवती बाई को लाठी-डंडों से चोटें आईं। एसआई बीआर सूर्यवंशी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। रितिक पर तलवार से हमले के मामले में दूसरे पक्ष के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Spread the love