नई दिल्ली: 2008 से 2024 तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम करने के लिए पूरी जान झोंक दी थी। लेकिन उसके बावजूद उनके हाथ सिर्फ निराशा ही लगी थी। लेकिन 2024 के बाद लगातार 2 साल में 2 आईपीएल टाइटल… आरसीबी पिछले 2 साल में जिस तरह से खेली है, उसकी जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है।
रजत पाटीदार की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रदर्शन आईपीएल 2025 और 2026 में सातवें आसमान पर रहा। आरसीबी चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बाद सिर्फ तीसरी ऐसी टीम बनी है, जिसने लगातार 2 साल बैक टू बैक आईपीएल जीता हो। चेन्नई ने 2010 और 2011 में यह कारनामा किया था। वहीं मुंबई ने 2019 और 2020 में। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की इस आपार सफलता के पीछे उनके सपोर्ट स्टाफ का बहुत बड़ा हाथ रहा है। आइये जानते हैं भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक के अलावा कौन-कौन आरसीबी के सपोर्ट स्टाफ में शामिल है।
आरसीबी कोचिंग स्टाफ
- डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट- मो बोबट
- हेड कोच- एंडी फ्लावर
- बैटिंग कोच एंड मेंटोर- दिनेश कार्तिक
- पेस बॉलिंग कोच- ओमकार सल्वी
- स्पिन बॉलिंग कोच- मालोलन रंगराजन
- असिस्टेंट/ फील्डिंग कोच- रिचर्ड हलसल
- टीम एनालिस्ट- फ्रेडी विल्डे
मेडिकल एंड परफॉर्मेंस स्टाफ
- फीजियोथेरपिस्ट- इवान स्पीचली
- हेड एथलेटिक थेरपिस्ट- नवनीता गौतम
- टीम डॉक्टर- डॉक्टर शिखा ढौंडियाल
कुछ ऐसा रहा था फाइनल मैच का हाल
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला किया था। ऐसे में गुजरात टाइटंस जैसे-तैसे 150 रन पार कर 8 विकेट पर 155 रन 20 ओवर में बना पाई। हालांकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 156 रन का टारगेट चेज करने में ज्यादा तकलीफ नहीं हुई। आरसीबी ने 18 ओवर में 5 विकेट रहते टारगेट चेज कर लिया। बेंगलुरु के लिए इस रन चेज में हीरो और कोई नहीं बल्कि खुद चेज मास्टर विराट कोहली रहे, जिन्होंने नाबाद 75 रन बनाए।