जनविश्वास शिविर में छलका महिलाओं का दर्द: ‘भोपाल में खुलेआम बिक रहा नशा, जर्जर मकानों में रहने को मजबूर’

भोपाल। शहर में नशा मुक्ति अभियान और सख्ती के दावों के बीच श्यामनगर की तस्वीर प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े कर रही है। यहां रहवासियों ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविर में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने खुलकर आरोप लगाए।

आरोप लगाया कि क्षेत्र में खुलेआम शराब और गांजे की बिक्री हो रही है। नशे की चपेट में बच्चे और युवा आ रहे हैं, जिससे इलाके में विवाद और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।

महिलाओं ने कहा कि नशे के कारण आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन शिकायतों के बाद भी प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आती।

शिकायत के बाद भी समाधान नहीं

हबीबगंज क्षेत्र के श्यामनगर में शुक्रवार को आयोजित शिविर में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन और विधायक भगवानदास सबनानी के सामने कल्ली बाई सहित अन्य महिलाओं और रहवासियों ने अपनी समस्याएं रखीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि नशे का कारोबार लंबे समय से चल रहा है और इसकी जानकारी पुलिस व जिम्मेदार विभागों को होने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

110 अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिए आवेदन

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को वार्ड क्रमांक-47 श्याम नगर शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में कुल 846 नागरिकों ने विभिन्न समस्याओं के आवेदन दिए। लोगों की सुविधा के लिए 14 काउंटर बनाए गए थे, जहां नगर निगम और जिला प्रशासन के 110 अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े 105 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 30 मामलों का मौके पर ही निराकरण कर प्रमाण पत्र जारी किए गए। शेष आवेदनों का परीक्षण कर एक से दो सप्ताह में समाधान किया जाएगा।

शिविर में सीवेज, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सड़क मरम्मत, प्रधानमंत्री आवास योजना और संबल योजना से जुड़े मामलों की भी सुनवाई हुई। अधिकारियों ने समय-सीमा में समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया है।

जहां लगा शिविर वहां गंदगी का अंबार

श्याम नगर के लोगों की समस्याओं का निराकरण करने के लिए शिविर का आयोजन किया था, लेकिन यहां हालात बहुत ही खराब थे।यहां पर साफ-सफाई का अभाव होने से गंदगी का अंबार लगा हुआ था। इतना ही नहीं हितग्राहियों को दिए गए आवास करीब 13 साल से अधिक पुराने हो गए हैं, जिनकी मरम्मत नहीं करवाने से वह जर्जर हो चले हैं।
Spread the love