भोपाल। राज्य सहकारी आवास संघ और राजस्व विभाग के बीच लीज रेंट और भूमि विवाद का खामियाजा पिपलानी के कल्पना नगर के करीब 900 परिवार भुगत रहे हैं। लीज नवीनीकरण और नामांतरण ठप होने से परेशान रहवासियों ने अब एक बार फिर आंदोलन शुरू करने की रणनीति बनाई है।
तीन चरणों में होगा आंदोलन
रविवार को रानी पद्मावती पार्क में कल्पना नगर रहवासी संघर्ष समिति की बैठक हुई, जिसमें बड़ी संख्या में रहवासी जुटे। समिति के वीके शर्मा ने बताया कि आंदोलन तीन चरणों में होगा। पहले चरण में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मिलकर मांग रखी जाएगी, नहीं सुनी तो महिला-पुरुष मिलकर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
2014 से रुका है लीज नवीनीकरण
समिति के यूके अय्यर ने बताया कि आवास संघ द्वारा समय पर लीज राशि जमा नहीं करने पर 2001 में कालोनी का भूमि आवंटन और टाइटल निरस्त कर दिया गया था। बाद में टाइटल तो बहाल हो गया, लेकिन नई लीज राशि की गणना को लेकर पेंच फंस गया। 2014 से लीज नवीनीकरण पूरी तरह रुक गया है।
दो विभागों की लड़ाई में पिस रहे रहवासी
रहवासियों का कहना है कि वे लीज राशि जमा करने को तैयार हैं, लेकिन दो विभागों की लड़ाई में वे पिस रहे हैं। बैठक में जे.एल. गुप्ता, अरुण श्रीवास्तव, चेतन मोढ, योगेंद्र रायकवार, संतोष ठाकुर, नितिन जोशी सहित कई रहवासी मौजूद रहे।