भोपाल में देर रात कट मारने की बात पर बवाल:ऑटो से बाइक टकराने के बाद भिड़े युवक, फिर भीड़ ने आधा दर्जन युवकों को पीटा

भोपाल, भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में 80 फीट रोड पर देर रात ऑटो और बाइक की टक्कर के बाद जमकर विवाद हो गया। बाइक सवार युवकों ने ऑटो चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने युवकों को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। घटना का वीडियो अब सामने आया है।

पुलिस के मुताबिक ऑटो चालक अदनान उर्फ अयान खान पर अभिषेक ठाकुर की बाइक को कट मारने का आरोप है। बाइक पर पीछे बैठे अभिषेक के दोस्त को चोट लगने के बाद विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि अभिषेक और उसके साथियों ने ऑटो चालक को सड़क पर रोककर मारपीट की।

वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ऑटो चालक की गलती नहीं थी। युवकों ने रॉन्ग साइड से आकर ऑटो को टक्कर मारी थी। इसके बाद उन्होंने ऑटो चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट होते देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

पहले ऑटो चालक को पीटा, फिर युवकों पर टूट पड़ी भीड़

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोगों ने पहले युवकों को ऑटो चालक के साथ मारपीट करते देखा। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी। देखते ही देखते करीब आधा दर्जन युवकों के साथ मारपीट होने लगी।

पुलिस का कहना है कि बाद में ऑटो चालक और युवकों के बीच दोबारा मारपीट हुई। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों ने ऑटो चालक के अपने साथियों को बुलाने की बात से इनकार किया है।

दोनों पक्षों ने थाने में किया समझौता

अशोका गार्डन थाना पुलिस के अनुसार, दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे। हालांकि किसी ने भी एक-दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने से इनकार कर दिया। दोनों पक्षों ने लिखित समझौता कर लिया और एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने की बात कही।

सरेराह हुई मारपीट से कुछ देर के लिए 80 फीट रोड पर अफरा-तफरी मच गई। घटना देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। मारपीट और भीड़ का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Spread the love