नई दिल्ली: देश के तीसरे बड़े औद्योगिक घराने अडानी ग्रुप के शेयरों में आज काफी तेजी देखने को मिली। ग्रुप के शेयर कारोबार के दौरान 3.5 फीसदी तक उछल गए। अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस ने गौतम अडानी और उनके भतीजे सागर अडानी के खिलाफ सारे आपराधिक आरोप वापस ले लिए हैं। इसके साथ ही न्यूयॉर्क में चल रहा यह केस बंद हो गया है। साथ ही अडानी ग्रुप सिविल मामले को सेटल करने के लिए सहमत हो गया है।
अडानी एंटरप्राइजेज, अडानी ग्रीन, अडानी पावर, अडानी पोर्ट्स, अडानी एनर्जी और अडानी टोटल गैस में 3.5 फीसदी तक तेजी आई। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर बीएसई पर पिछले सत्र में 2,690.30 रुपये पर बंद हुआ था और आज 2,749.95 रुपये पर खुला। कारोबार के दौरान यह 2,774.50 रुपये तक उछला। इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 2,800 रुपये है। इसी तरह अडानी ग्रीन का शेयर 1,442.70 रुपये तक उछला जबकि इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 1,472.30 रुपये है।
किसमें कितनी तेजी
देश की सबसे वैल्यूएबल पावर कंपनी अडानी पावर का शेयर 224.70 रुपये तक उछला जबकि अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन का शेयर 1,805 रुपये तक चढ़ा। अडानी ग्रीन एनर्जी का शेयर पिछले सत्र में 1,328.20 रुपये पर बंद हुआ और आज 1,357.50 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह 1,361.90 रुपये तक गया। अडानी टोटल गैस का शेयर 635.80 रुपये तक उछला जबकि पिछले सत्र में यह 609.95 रुपये पर बंद हुआ था।
शेयरों में तेजी
- देश के तीसरे बड़े औद्योगिक घराने अडानी ग्रुप के शेयरों में काफी तेजी
- अमेरिका में गौतम अडानी और सागर अडानी के खिलाफ केस हुआ बंद
- इस खबर से ग्रुप के शेयर कारोबार के दौरान 3.5 फीसदी तक उछल गए
- अडानी ग्रुप के कई शेयर अपने 52 हफ्ते के उच्चतम स्तर के करीब पहुंचे
क्या है मामला?
साल 2024 के अंत में अमेरिकी नियामक एसईसी (SEC) और न्याय विभाग (DoJ) द्वारा दर्ज मामलों में आरोप लगाया गया था कि अडानी ग्रुप ने भारत में सौर ऊर्जा के ठेके हासिल करने के लिए भारतीय अधिकारियों को लगभग 26.5 करोड़ रुपये की रिश्वत देने की योजना बनाई थी। साथ ही, अमेरिकी निवेशकों और ऋणदाताओं से पूंजी जुटाते समय इस व्यवस्था को छुपाया था। अडानी ग्रुप लगातार इन आरोपों से इन्कार कर रहा था।