बीजेपी के साथ गठबंधन के लिए भीख मांग रहा अकाली दल, पंजाब के सीएम भगवंत मान का सुखबीर बादल पर बड़ा अटैक

चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। चाविंडा देवी में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मान ने आरोप लगाया कि अकाली दल की पंजाब की सत्ता में वापसी के लिए बीजेपी के साथ गठबंधन करने की भीख मांग रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों दल सत्ता में आए तो पंजाब को फिर से लूटने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंजाब की जनता अकाली दल और बीजेपी के कथित पुराने शासन को भूली नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य को नशे की समस्या में धकेलने और पंजाब का भविष्य खराब करने के लिए जनता दोनों पार्टियों को कभी माफ नहीं करेगी।

बेअदबी और ड्रग्स के मुद्दे पर अकालियों को घेरा

भगवंत मान ने बेअदबी के मुद्दे को लेकर भी अकाली दल पर निशाना साधा। उन्होंने पिछली सरकार पर आरोप लगाया कि उसके कार्यकाल में धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों में लोगों को न्याय नहीं मिला। नशे के मुद्दे पर मान ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान सरकारी वाहनों तक का इस्तेमाल ड्रग्स की सप्लाई के लिए किया जाता था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और उन्हें जेल भेजा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस और अकाली दल ने आजादी के बाद से पंजाब को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने दोनों पार्टियों की तुलना ‘दीमक’ से करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने राज्य को विकास की राह में पीछे धकेल दिया।

सुखबीर बादल पर भी साधा निशाना

मान ने अकाली अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बादल आम लोगों की समस्याओं से पूरी तरह कट चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपना जीवन सुरक्षा, ऐशो-आराम और विशेष सुविधाओं के बीच बिताया है, इसलिए उन्हें पंजाब के आम लोगों की वास्तविक परेशानियों की जानकारी नहीं है। मान ने दावा किया कि अकाली दल सत्ता में वापसी के लिए बीजेपी के साथ गठबंधन की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग दोनों दलों को दोबारा सत्ता में आने का मौका नहीं देंगे।

कांग्रेस को बताया ‘बंटी हुई पार्टी’

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस को ‘बंटी हुई पार्टी’ बताते हुए दावा किया कि पार्टी राजनीतिक रूप से खत्म होने की कगार पर है। मान ने कहा कि कांग्रेस के पास पंजाब और यहां के लोगों के लिए कोई स्पष्ट विजन नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी लगातार बढ़ रही है और इसी वजह से कांग्रेस राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक हो जाएगी। मान ने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व पर भी तंज कसते हुए कहा कि पंजाब में गुटबाजी खत्म कराने के लिए भेजे गए वरिष्ठ नेताओं को उन नेताओं के नाम तक पता नहीं थे, जिन्हें उन्हें एकजुट करना था।

Spread the love