आगरा: उत्तर प्रदेश में आगरा के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के गांव चाचीपुरा खंडेर की ठार रामदास में बुधवार को शोक संवेदना जताने पहुंचे भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा का ग्रामीणों से विवाद हो गया। गांव की सड़क और खड़ंजे की समस्या को लेकर एक महिला ने विधायक के सामने सवाल उठाए। इसी दौरान दोनों के बीच तीखी कहासुनी हो गई। विधायक महिला पर नाराज होते नजर आए। घटना का करीब तीन मिनट का वीडियो सामने आया है।
शोक संवेदना जताने पहुंचे थे विधायक
बताया गया कि गांव निवासी स्याहीराम का कुछ दिन पहले बीमारी के चलते निधन हो गया था। बुधवार को विधायक छोटेलाल वर्मा उनके परिवार को सांत्वना देने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने गांव की सड़क और खड़ंजे की समस्या उनके सामने रखी।
बातचीत के दौरान एक महिला ने भी सड़क की समस्या को लेकर विधायक से सवाल किए। महिला के तू-तड़ाक में बात करने पर विधायक नाराज हो गए और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
‘मैं तुम्हारी बात सुनने आया था…’
सामने आए वीडियो में विधायक महिला से नाराजगी जताते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं, “तू-तड़ाक बोल रही है, शर्म नहीं आती है।” इसके बाद वह महिला को घर से बाहर निकलकर आने की बात कहते हैं।वीडियो में विधायक यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं, “दिमाग खराब हो गया है तुम्हारा। बहुत जुबान चला रही है, तल्खी से बात कर रही हो।”
‘रूपाली आई थी, इस वजह से…’
वीडियो में विधायक स्थानीय नेता रूपाली दीक्षित का भी जिक्र करते सुनाई दे रहे हैं। वह कहते हैं कि रूपाली के यहां आने की वजह से लोगों के दिमाग खराब हो गए हैं। कुछ देर की बहस के बाद विधायक कुर्सी से उठकर वहां से चले जाते हैं। बताया जा रहा है कि जिस महिला से विधायक की कहासुनी हुई, वह शोकाकुल परिवार की सदस्य थी।
वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं
करीब तीन मिनट के वीडियो में विधायक काफी नाराज नजर आ रहे हैं। हालांकि, सामने आए वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना को लेकर विधायक छोटेलाल वर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से तत्काल कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।