सीएम डॉ. माेहन यादव आज गूगल टीम के साथ करेंगे उच्च स्तरीय बैठक

भोपाल। मध्य प्रदेश में डिजिटल गवर्नेंस और एआइ आधारित तकनीकी विकास को नई दिशा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को भोपाल में गूगल के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ उच्च स्तरीय रणनीतिक बैठक करेंगे।
बैठक में दीर्घकालिक तकनीकी साझेदारी, उन्नत क्लाउड तकनीकों और एआइ आधारित समाधानों के उपयोग पर विस्तृत चर्चा होगी।

डिजिटल गवर्नेंस को प्रभावी बनाने की योजना

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के समन्वय से आयोजित इस बैठक का उद्देश्य प्रदेश में डिजिटल गवर्नेंस को अधिक प्रभावी बनाना, जनसेवाओं को सरल एवं सुगम करना और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देना है।
बैठक में गूगल क्लाउड इंडिया के निदेशक (पब्लिक सेक्टर) आशीष वाट्टल, एपीएसी क्षेत्र के निदेशक (स्ट्रेटेजिक एंगेजमेंट्स) मदन ओबेराय, सिंगापुर से गूगल क्लाउड के वैश्विक प्रतिनिधि, हेल्थकेयर एआइ विशेषज्ञ, डिजिटल अवसंरचना विशेषज्ञ और राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

सिंहस्थ-2028 के लिए स्मार्ट तकनीक पर फोकस

बैठक में सिंहस्थ-2028 के तकनीक आधारित प्रबंधन को प्राथमिकता दी जाएगी। इसमें स्मार्ट भीड़ प्रबंधन, एआइ आधारित स्मार्ट पुलिसिंग, डेटा आधारित निगरानी और नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
इसके अलावा स्वास्थ्य क्षेत्र में एआइ आधारित रोग पहचान प्रणाली, डेटा आधारित निर्णय व्यवस्था, कृषि में किसानों को डिजिटल सेवाओं की बेहतर पहुंच और शिक्षा क्षेत्र में एआइ आधारित शिक्षण एवं कौशल विकास पर भी विचार किया जाएगा।

एआइ स्किलिंग और स्टार्टअप इको सिस्टम पर भी चर्चा

बैठक में एआइ स्किलिंग, एआइ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, स्टार्टअप इको सिस्टम और पर्यावरण संरक्षण के लिए उन्नत तकनीकों के उपयोग की संभावनाओं पर भी मंथन किया जाएगा।
माना जा रहा है कि यह पहल मध्य प्रदेश को तकनीक आधारित प्रशासन और नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान दिला सकती है।
Spread the love