कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, कर्नाटक को लेकर कर दी ये खास अपील

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक में सूखे की गंभीर स्थिति का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से खास अपील की है। उन्होंने आग्रह किया है कि राज्य के लिए 3,705.30 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता तत्काल जारी की जाए। खरगे ने प्रधानमंत्री को एक अक्टूबर को लिखे गए पत्र की प्रति शनिवार को ‘एक्स’ पर साझा की और कहा कि वह गृह मंत्री अमित शाह को भी इस तरह का पत्र लिख चुके हैं। उन्होंने पत्र में कहा कि कर्नाटक इस समय भीषण सूखे की चपेट में है और यह पिछले 150 वर्षों में राज्य में आया सबसे भयावह सूखा साबित हो सकता है।

खरगे का प्रधानमंत्री को पत्र

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि महज तीन साल के भीतर राज्य को दूसरी बार ऐसे गंभीर सूखे का सामना करना पड़ रहा है। इस साल सितंबर तक कर्नाटक में सामान्य से 58 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है और सभी 31 जिले वर्षा की कमी से प्रभावित हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य के 240 तालुकों में से 217 में कम बारिश दर्ज की गई है, जबकि 101 तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित किया जा चुका है। 116 अन्य तालुकों का आकलन किया जा रहा है।

कर्नाटक में कम बारिश का किया जिक्र

कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान दूसरी सबसे कम बारिश दर्ज की गई है। खरगे के अनुसार, 19.52 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फसल नुकसान का आकलन किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 18,748.23 करोड़ रुपये है। राज्य सरकार ने सूखे से कुल आर्थिक नुकसान करीब 40,000 करोड़ रुपये आंका है। 31 लाख से अधिक किसान परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई है। 709 गांवों और 114 शहरी वार्डों में टैंकरों के जरिए पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। वहीं 18 तालुकों में चारे का भंडार 20 सप्ताह से भी कम समय के लिए बचा है।

खरगे ने पीएम मोदी के सामने रखी 6 प्रमुख मांगें

मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री से छह प्रमुख मांगों पर तत्काल कार्रवाई का आग्रह किया है। इनमें कल्याण कर्नाटक क्षेत्र में सूखे से हुए नुकसान का जमीनी आकलन करने के लिए केंद्रीय दल भेजना और राज्य द्वारा मांगी गई 3,705.30 करोड़ रुपये की पूरी सहायता जारी करना शामिल है। उन्होंने छोटे और सीमांत किसानों के लिए लागत पर रियायत की गणना कर्नाटक के अद्यतन ‘भूमि’ भू-अभिलेखों के आधार पर करने का अनुरोध किया है।

कर्नाटक के लिए 3,705 करोड़ रुपये की सहायता की अपील

उन्होंने कहा कि 2015-16 की कृषि जनगणना के पुराने आंकड़ों के आधार पर सहायता दिए जाने से पात्र किसान लाभ से वंचित हो सकते हैं। खरगे ने सूखे की स्थिति का आकलन किए जा रहे 11 अतिरिक्त तालुकों और भविष्य में पात्र पाए जाने वाले अन्य तालुकों को भी इसी केंद्रीय सहायता के दायरे में शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कावेरी और जलविद्युत क्षेत्रों में जलाशयों के कम जलस्तर का हवाला देते हुए पेयजल सुरक्षा तथा वैकल्पिक बिजली की लागत के लिए अतिरिक्त सहायता देने की मांग की।

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कर्नाटक को सहायता राजनीतिक विचारों से प्रभावित हुए बिना, नुकसान और जरूरत के आधार पर तत्काल दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सूखा राहत एक मानवीय आवश्यकता है और केंद्र तथा राज्य के बीच राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

Spread the love