भोपाल। मिसरोद थाना क्षेत्र स्थित सागर रायल होम्स कॉलोनी में शनिवार-रविवार रात महज कार को साइड देने के विवाद में गोली चल गई। तीन युवकों ने पहले एक सरपंच के साथ मारपीट की और फिर उसकी कमर से लाइसेंसी पिस्टल छीनकर उसी पर गोली चला दी।
गोली सरपंच के बाएं पैर में लगी और हड्डी तोड़ते हुए बाहर निकल गई। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ये है पूरा मामला
- मिसरोद थाना पुलिस के अनुसार, 33 वर्षीय हरीश राजपूत सीहोर जिले के शाहगंज क्षेत्र के टीकरी गांव के निवासी हैं। परिजन का दावा है कि वह ग्राम पंचायत के सरपंच हैं। सागर रायल होम्स कॉलोनी में उनके भाई के नाम मकान है, जहां उनकी पत्नी और बच्चे रहते हैं। हरीश का यहां नियमित आना-जाना रहता है।
- शनिवार-रविवार रात दो बजे हरीश कार से कॉलोनी पहुंचे। मुख्य गेट के पास कार खड़ी होने से रास्ता अवरुद्ध था। उन्होंने कार हटाने के लिए कहा तो हर्षित पटेल, अनुभव चौबे और उनके दोस्त रघुवंशी से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर हरीश अपनी कार पार्किंग तक ले गए।
- पुलिस के अनुसार तीनों युवक भी हरीश के पीछे पार्किंग तक पहुंच गए। जैसे ही वह कार से उतरे, तीनों ने उनके साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि इसी दौरान हर्षित ने हरीश की कमर में लगी लाइसेंसी पिस्टल छीन ली और उन पर फायर कर दिया। पहला फायर निशाने पर नहीं लगा।
पार्किंग में पहुंचकर किया हमला
तीनों आरोपी भागे
थाना प्रभारी विमलेश राय ने बताया कि घटना के कुछ ही समय बाद तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें हर्षित पटेल और अनुभव चौबे सागर रायल होम्स कालोनी के निवासी हैं, जबकि उनका तीसरा साथी सोहागपुर क्षेत्र का रहने वाला है। तीनों नौकरी के साथ पढ़ाई भी कर रहे हैं। आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।