नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमत में आज गिरावट आई है। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने महंगाई की चिंताएं बढ़ा दीं हैं। इससे अमेरिका में ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है। इससे बिना रिटर्न देने वाली कीमती धातुओं की मांग कम हो गई। हालांकि सोने को महंगाई से बचाव यानी के तौर पर देखा जाता है, लेकिन ऊंची ब्याज दरें इसके आकर्षण को कम कर देती हैं। इसकी वजह यह है कि इस धातु से कोई रिटर्न नहीं मिलता है। यही वजह है कि आज सोने और चांदी की कीमत में गिरावट आई है।
एमसीएक्स पर सितंबर 2026 डिलीवरी के लिए चांदी वायदा 2,157 रुपये गिरकर 2,20,871 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। इसी तरह अगस्त 2026 डिलीवरी के लिए सोना वायदा 1,517 रुपये गिरकर 1,40,740 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। पिछले सत्र में, अमेरिकी महंगाई के उम्मीद से कम रहने के कारण सोना और चांदी बढ़त के साथ बंद हुए थे। कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तीसरे सत्र में तेजी आई है।
बाजार में क्या है सोने-चांदी की कीमत?
सर्राफा बाजार में सोने की कीमत में तेजी आई है। गुड रिटर्न्स के मुताबिक 24 कैरेट वाला सोना 770 रुपये की तेजी के साथ 1,43,570 रुपये प्रति किलो के भाव पर ट्रेड कर रहा है। 22 कैरेट वाले सोने की कीमत में 700 रुपये की तेजी आई है और यह 1,31,600 रुपये पर पहुंच गया। 18 कैरेट वाला सोना 570 रुपये की तेजी के साथ 1,07,670 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। इस बीच चांदी 2,35,000 रुपये पर फ्लैट ट्रेड कर रही है।