ग्रोसरी की तरह हाथोंहाथ मंगा सकते हैं LPG सिलेंडर, इंस्टामार्ट ने HPCL के साथ शुरू की ऑन-डिमांड डिलीवरी सेवा

नई दिल्ली: अब आप ग्रोसरी आइटम्स की तरह क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म से एलपीजी सिलेंडर भी मंगा सकते हैं। क्विक कॉमर्सं कंपनी इंस्टामार्ट ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ साझेदारी कर देश में पहली बार किसी क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर एलपीजी सिलेंडर की ऑन-डिमांड डिलीवरी सेवा शुरू करने की घोषणा की है। इसके तहत उपभोक्ता अब इंस्टामार्ट के माध्यम से एचपीसीएल का नया 10 किलोग्राम ‘एचपी नव्या’ कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे।

कंपनी ने बताया कि एचपी नव्या एक हल्का, जंग-रोधी और उन्नत सुरक्षा सुविधाओं से लैस कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर है। इसकी पारदर्शी बॉडी के कारण उपभोक्ता आसानी से गैस का स्तर देख सकते हैं। इसका कॉम्पैक्ट डिजाइन इसे अपार्टमेंट, छोटे परिवारों, छात्रों, कामकाजी पेशेवरों तथा अतिरिक्त एलपीजी सिलेंडर की आवश्यकता वाले उपभोक्ताओं के लिए उपयुक्त बनाता है।

किसको मिलेगा इसका फायदा?

कंपनी ने बताया कि इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए उपभोक्ताओं के पास पहले से घरेलू एलपीजी कनेक्शन होना जरूरी नहीं होगा। इससे छात्र, अविवाहित कामकाजी लोग और छोटे परिवार भी आसानी से इस सेवा का उपयोग कर सकेंगे। यह सर्विस सबसे पहले बेंगलुरु में शुरू होगी, जहां ग्राहक Instamart ऐप के जरिए सीधे एचपी नव्या सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे। साथ ही, वे मौजूदा 5 किलो वाले मेटल एलपीजी सिलेंडर भी ऑर्डर कर पाएंगे।

पहली बार ऑर्डर करने वाले ग्राहकों के लिए पहचान सत्यापन और प्रूफ-ऑफ-डिलीवरी की प्रक्रिया भी अनिवार्य होगी। Instamart के जरिए किए गए ऑर्डर एचपीसीएल के अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क के माध्यम से पूरे किए जाएंगे। डिलीवरी डिस्ट्रीब्यूटर के प्रशिक्षित कर्मचारी सुरक्षा और रेगुलेटरी नियमों के तहत करेंगे।

अधिकारियों का दावा

इंस्टामार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अमितेश झा ने कहा कि इंस्टामार्ट अब केवल किराना सामान तक सीमित नहीं है, बल्कि उपभोक्ताओं की रोजमर्रा की आवश्यकताओं का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। एचपीसीएल के साथ यह साझेदारी उपभोक्ताओं को एलपीजी जैसी आवश्यक सेवा भी तेज, सुरक्षित और विश्वसनीय तरीके से उपलब्ध कराएगी।

एचपीसीएल के निदेशक (मार्केटिंग) अमित गर्ग ने कहा कि कंपनी ग्राहकों की बदलती जरूरतों के अनुरूप नवाचार आधारित समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एचपी नव्या कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर के जरिए एचपीसीएल एलपीजी को अधिक सुलभ और सुविधाजनक बना रहा है तथा इंस्टामार्ट जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिक उपभोक्ताओं तक अपनी पहुंच बढ़ाएगा।

ऐप पर कैसे दे सकते हैं ऑर्डर?

कंपनी के मुताबिक, उपभोक्ता इंस्टामार्ट ऐप पर जाकर 10 किलोग्राम एचपी नव्या कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर या 5 किलोग्राम मेटल एलपीजी सिलेंडर का चयन कर ऑर्डर दे सकते हैं। पहली बार ऑर्डर करने पर नया सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि बाद में रिफिल के लिए डिलीवरी के समय खाली एचपीसीएल सिलेंडर वापस करना होगा।

Spread the love