इस्लामाबाद: पाकिस्तान में गहराते राजनीतिक संकट के बीच देश के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का एक वीडियो क्लिप सामने आया है। इसमें वह कह रहे हैं कि पाकिस्तान के हालात अच्छे नहीं है। वह पीएम शहबाज शरीफ को जनता के बढ़ते गुस्से पर चेतावनी देते हुए भारत के मुकाबले पाकिस्तान के पिछड़ने की बात कह रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद पाकिस्तान से सफाई आई है। पाकिस्तान सरकार ने साफ किया है कि ख्वाजा का वीडियो फर्जी है।
डॉन के मुताबिक, पाकिस्तान सरकार के सूचना मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान की तरक्की की भारत से तुलना करने वाला आसिफ का वीडियो फेक है। मंत्रालय ने आसिफ का वह कथित क्लिप अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया। एक मिनट के इस वीडियो में मंत्री की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का क्लिप दिख रहा था।
वीडियो क्लिप में क्या है
ख्वाजा आसिफ के जिस वीडियो क्लिप पर बवाल मचा है, उसमें उन्होंने तकनीक, बुनियादी ढांचे, अर्थव्यवस्था और दुनिया में भारत की स्थिति में हुई प्रगति को उल्लेखनीय बताया है। साथ ही पाकिस्तान की स्थिति पर सवाल उठाए। वह कहते सुने गए हैं कि दोनों देश एक साथ आजाद हुए थे लेकिन दोनों देश बिल्कुल अलग दिशाओं में आगे बढ़े हैं। भारत ने कई क्षेत्रों में तरक्की की, जबकि पाकिस्तान पिछड़ गया।
नकवी के बयान से जोड़ा
आसिफ के बयान को मोहसिन नकवी से जोड़ा गया है। हाल ही में नकवी ने पाकिस्तान सरकार की स्थिरता, बढ़ती महंगाई और सत्ता संतुलन पर सवाल उठाए थे। सेना के करीबी समझे जाने वाले नकवी ने कहा था कि देश में कानून व्यवस्था की स्थिति अच्छी नहीं है और इस ओर ध्यान देने की जरूरत है।