नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत की कुछ अच्छी बातें निकल कर सामने आईं हैं। संकेत मिले हैं कि दोनों देश के वार्ताकार अगले 60 दिनों के अंदर एक कंप्रिहेंसिव पीस एग्रीमेंट (Comprehensive peace agreement) पर पहुंच जाएंगे। इससे इंटरनेशनल क्रूड मार्केट में कुछ नरमी दिखी। आज सुबह स्टेंडर्ड माने जाने वाले ब्रेंट क्रूड के दाम में कुछ गिरावट दिखी। हालांकि, भारत में पेट्रोल-डीजल बेचने वाली सरकारी तेल कंपनियों ने बुधवार, 24 जून 2026, को भी दाम में कोई बदलाव नहीं किया। अपने यहां बीते 25 मई के बाद दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
पिछले महीने 4 बार बढ़े हैं दाम
पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव बीतने के बाद ही पेट्रोलियम कंपनियों ने बीते मई महीने में चार बार दाम बढ़ा चुकी है। ऐसा महज 11 दिनों में हुआ है। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने सबसे पहले 15 मई 2026 को पेट्रोल 3 रुपये और डीजल 3.29 पैसे महंगा किया था। इसके बाद 19 मई को पेट्रोल 87 पैसे तो डीजल 91 पैसे, 23 मई 2026 को पेट्रोल 87 पैसे तो डीजल 91 पैसे और 25 मई 2026 को पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये महंगा किया था। उसके बाद दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
4 महानगरों में पेट्रोल का दाम
तेल कंपनियों की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली में आज पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। कोलकाता में इसकी कीमत 113.51 रुपये, मुंबई में 111.21 रुपये और चेन्नई में 107.77 रुपये है। एक अनुमान के मुताबिक क्रूड ऑयल महंगा होने से सरकारी तेल कंपनियों को रोजाना पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और जेट फ्यूल पर करीब 750 करोड़ रुपये का घाटा हो रहा है।
डीजल की कीमत क्या है
सरकारी ऑयल कंपनियों के मुताबिक बुधवार को दिल्ली में डीजल का प्रति लीटर दाम 95.20 रुपये है। कोलकाता में यह 99.02 रुपये, मुंबई में 97.83 रुपये और चेन्नई में 99.55 रुपये प्रति लीटर है। कच्चे तेल की कीमत में हाल में काफी बढ़ोतरी हुई है। ईरान युद्ध शुरू होने के बाद यह करीब 50 फीसदी महंगा हो गया है।
सस्ता ही हो रहा है क्रूड ऑयल
अमेरिका और ईरान के वार्ताकार इस समय अच्छी प्रगति पर हैं। मंगलवार को यह खबर आई कि दोनों देश अगले 60 दिनों के अंदर एक कंप्रिहेंसिव पीस एग्रीमेंट (Comprehensive peace agreement) पर पहुंच जाएंगे। इंटरनेशनल क्रूड मार्केट में इसका सकारात्मक संदेश गया। आज भी सुबह करीब छह बजे स्टेंडर्ड ब्रेंट क्रूड ऑयल 0.57 फीसदी या 0.44 डॉलर प्रति बैरल घट कर $76.64 पर ट्रेड हो रहा था। डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 0.66 फीसदी या 0.48 डॉलर की नरमी के साथ 72.73 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड हो रहा था।
पेट्रोल-डीजल का कब घटेगा दाम?
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बीते शनिवार को संकेत दिया था कि कम कीमत पर खरीदा गया कच्चा तेल भारतीय रिफाइनरियों तक पहुंचता है, तो पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की जा सकती है। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुरी ने कहा था कि तेल विपणन कंपनियां (OMCs) वर्तमान में ऊंचे दामों पर खरीदे गए कच्चे तेल को प्रोसेस कर रही हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई कमी का फायदा खुदरा कीमतों में दिखने में थोड़ा समय लगेगा। उन्होंने बताया था कि फिलहाल कंपनियों के पास महंगे दामों पर खरीदे गए कच्चे तेल का स्टॉक है। जब कम कीमत पर खरीदा गया क्रूड उनके पास पहुंचेगा, तो ईंधन की कीमतों में कमी आने की संभावना है।
भारतीय कंपनियों को अभी भी नुकसान
15 जून 2026 को पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया था कि अभी भी सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को हर लीटर पेट्रोल की बिक्री पर 30 रुपये और हर लीटर डीजल की बिक्री पर 27 रुपये का घाटा हो रहा है। एक अप्रैल 2026 को इन कंपनियों को पेट्रोल बेचने पर 24 रुपये प्रति लीटर और डीजल बेचने पर 105 रुपये प्रति लीटर का घाटा हो रहा था। इस वजह से इस समय हर रोज ओएमसीज को 600 करोड़ रुपये का घाटा हो रहा है। बीते 18 मई को हर रोज का घाटा 750 करोड़ रुपये था।
ऐसे चेक करें भाव
पेट्रोल-डीजल के भाव जब भी बदलते हैं, तब सुबह 6 बजे अपडेट हो जाते हैं। पेट्रोल-डीजल का रोज का रेट आप SMS के जरिए भी जान सकते हैं (How to check diesel petrol price daily)। इंडियन ऑयल के कस्टमर RSP के बाद स्पेस देकर अपने शहर का कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर और बीपीसीएल उपभोक्ता RSP के बाद स्पेस देकर अपने शहर का कोड लिखकर 9223112222 नंबर पर भेज जानकारी हासिल कर सकते हैं। वहीं, एचपीसीएल उपभोक्ता HPPRICE के बाद स्पेस देकर अपने शहर का कोड लिखकर 9222201122 नंबर पर भेजकर भाव पता कर सकते हैं।