छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार रात पुलिस ने पिकअप से 4 करोड़ रुपए कैश जब्त किया है। पैसे पिकअप के पिछले हिस्से में बने सीक्रेट चेंबर में रखे गए थे। पुलिस ने पिकअप सवार 2 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे कैश के बारे पूछताछ की जा रही है।
आशंका है कि यह हवाला का पैसा है, जिसे रायपुर से नागपुर ले जाया जा रहा था। फिलहाल पुलिस पता लगा रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे नागपुर क्यों ले जाया जा रहा था। मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा का है।
सूचना के आधार पर कार्रवाई
दरअसल, खुर्सीपार पुलिस को 26 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी। इसके बाद वाहन जांच के दौरान सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप को रोका गया, जिसका नंबर CG 04 QU 5996 था। यह रायपुर से नागपुर जा रहा था।
पुलिस ने पिकअप की जांच की तो उसका पिछला हिस्सा बदला हुआ मिला। इसे इस तरह बंद किया गया था कि अंदर रखी चीजें बाहर से दिखाई न दें। पुलिस ने गाड़ी की बारीकी से तलाशी ली तो पिछले हिस्से में एक सीक्रेट चेंबर मिला। इसे खोलने पर अंदर कैश मिला।
गिनती करने पर सीक्रेट चेंबर से कुल 4 करोड़ रुपए मिले। पुलिस के अनुसार, रकम भारतीय मुद्रा में है। इतनी बड़ी रकम गाड़ी में छिपाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गाड़ी में सवार 2 लोगों से पूछताछ
पुलिस के अनुसार, पिकअप में दो लोग सवार थे। उनकी पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। डाभी गाड़ी चला रहा था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। अब तक यह पता नहीं चला है कि पैसा किसका था और इसे किसके पास ले जाया जा रहा था।
आयकर विभाग को जानकारी भेजने की तैयारी
इसके अलावा पुलिस जांच कर रही है कि नकदी छिपाने के लिए गाड़ी के पिछले हिस्से में सीक्रेट चेंबर कब और किसने बनवाया था। बरामद रकम कहां से आई और उससे जुड़े कौन से दस्तावेज हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। रकम के स्रोत का पता लगाने के लिए मामले की जानकारी आयकर विभाग को भेजने की तैयारी है।
दुर्ग जिले के कुम्हारी में दो स्कॉर्पियो से करीब 6 करोड़ 60 लाख रुपए कैश मिले हैं। दोनों गाड़ी महाराष्ट्र पासिंग है। शनिवार (20 सितंबर) सुबह पुलिस ने शक के आधार पर दोनों गाड़ियों को रोककर जांच की, इस दौरान कार की सीट और डिग्गी में कैश छुपाए हुए थे।