शिवनाथ कांवड़ यात्रा में शामिल हुए विधायक चंद्राकर, महमरा एनिकट में की महाआरती

दुर्ग। सावन माह के पावन अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर शिवनाथ नदी महमरा एनिकट में बोल बम कांवड़ यात्रा समिति के संयोजक उपकार चंद्राकर के नेतृत्व में आयोजित शिवनाथ कांवड़ यात्रा एवं भव्य महाआरती कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान विधायक ललित चंद्राकर ने सनातन परंपरा के अनुसार भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन किया और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

भक्ति में डूबा शिवनाथ का तट
कार्यक्रम के दौरान शिवनाथ नदी का तट हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिवनाथ नदी में आस्था की डुबकी लगाई। कांवड़ियों ने पवित्र जल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। संध्या बेला में आयोजित भव्य महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। हजारों दीपों की रोशनी से महमरा घाट जगमगा उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि शिवनाथ कांवड़ यात्रा हमारी धार्मिक आस्था और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। शिवनाथ मैया की यह पवित्र भूमि आस्था, एकता और भाईचारे का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना है कि वे समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि प्रदान करें। विधायक ललित चंद्राकर ने शिवनाथ कांवड़ यात्रा समिति के संयोजक उपकार चंद्राकर एवं समिति के सभी सदस्यों को भव्य आयोजन के सफल संचालन के लिए बधाई और धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि समिति के प्रयासों से दुर्ग जिले में धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों को नई पहचान मिल रही है। कार्यक्रम में शिवनाथ कांवड़ यात्रा समिति के संयोजक उपकार चंद्राकर, समिति के पदाधिकारी, क्षेत्र के नागरिक, माताएं-बहनें तथा श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Spread the love